Pakistan Violence: पाकिस्तान में एक बार फिर सियासी उथल-पुथल तेज हो गई है। आर्थिक बदहाली, आतंकवाद और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहे पड़ोसी मुल्क में अब सिंध प्रांत को बांटने के प्रस्ताव ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। कराची से लेकर सिंध के दूसरे शहरों तक हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं।
प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि सिंध की पहचान और उसकी जमीन के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस पूरे विवाद के केंद्र में पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार और सेना प्रमुख असीम मुनीर की भूमिका को लेकर उठ रहे सवाल हैं।
सिंध के बंटवारे के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों लोग
23 नवंबर 2026 को पाकिस्तान के सिंध प्रांत में अलग-अलग राजनीतिक और राष्ट्रवादी संगठनों ने बड़े स्तर पर प्रदर्शन किए। कराची में जेय सिंध रहबर कमेटी (JSRC) ने एम्प्रेस मार्केट से कराची प्रेस क्लब तक मार्च निकाला। इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने लाल झंडे लेकर सिंध की एकता के समर्थन में नारे लगाए।
वहीं, जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-फजल (JUI-F) ने कराची के गुरु मंदिर इलाके में शक्ति प्रदर्शन किया। इसके अलावा सिंध के कई जिला मुख्यालयों में भी विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए। सुक्कुर, जैकबाबाद और दूसरे शहरों में भी लोगों ने प्रस्तावित प्रशासनिक बदलावों का विरोध किया।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सिंध को बांटने या कराची को उससे अलग करने का कोई भी फैसला जनता की इच्छा और संवैधानिक प्रक्रिया के बिना नहीं लिया जाना चाहिए।
बिलावल भुट्टो की खून बहने वाली चेतावनी से बढ़ा विवाद
सिंध के बंटवारे को लेकर पाकिस्तान में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। PPP अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने साफ कहा है कि सिंध को जबरन बांटने की कोशिश की गई तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रांत का विभाजन बलपूर्वक किया गया तो कराची और हैदराबाद में खूनखराबे की स्थिति पैदा हो सकती है। बिलावल का कहना है कि नए प्रांत बनाने की प्रक्रिया संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत होनी चाहिए।
खास बात यह है कि बिलावल की पार्टी केंद्र में शहबाज शरीफ सरकार की गठबंधन सहयोगी है। इसके बावजूद इस मुद्दे पर PPP ने सरकार के प्रस्तावों से अलग रुख अपनाया है। इससे पाकिस्तान की सत्तारूढ़ गठबंधन राजनीति में भी तनाव दिखाई दे रहा है। बता दें कि पाकिस्तान सरकार को 4 प्रांतों को बांटने की तैयारी में है। जिसके बाद से ही ये पूरा विवाद मचा हुआ है।