Ghaziabad News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के जेल में प्रताड़ना और एनकाउंटर के डर से जुड़े बयान पर बीजेपी नेता संगीत सोम ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने आजम खान पर 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों में भूमिका निभाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें एनकाउंटर का डर होना स्वाभाविक है। सोम ने तंज कसते हुए कहा कि आजम खान का सफेद कुर्ता वास्तव में सफेद नहीं, बल्कि खून से सना हुआ है।
संगीत सोम ने आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान निर्दोष लोगों की जान गई और तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार ने मृतकों की वास्तविक संख्या को छिपाने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि दंगों में कई लोगों की हत्या हुई और कुछ के शव तक बरामद नहीं हो सके। हालांकि, ये सभी आरोप संगीत सोम की ओर से लगाए गए हैं।
बीजेपी नेता ने आजम खान को अयोध्या जाकर भगवान राम से माफी मांगने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में आजम खान को भी उनके साथ जाना चाहिए, सरयू नदी में स्नान करना चाहिए और राम मंदिर में भगवान राम के सामने नतमस्तक होकर अपने कथित कृत्यों के लिए माफी मांगनी चाहिए।
अखिलेश यादव को बताया कलनेमि
संगीत सोम ने अखिलेश यादव के 'राम-राम' और 'राधे-राधे' कहने पर भी निशाना साधा। उन्होंने सपा प्रमुख की तुलना रामायण के पात्र कलनेमि से करते हुए आरोप लगाया कि अखिलेश यादव दिन में कुछ और रात में कुछ और दिखाते हैं। सोम ने कहा कि अखिलेश यादव सनातन परंपरा के प्रति विरोध का भाव रखते हैं।
उन्होंने अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाने के कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें 6 दिसंबर को अयोध्या जाना चाहिए था। सोम ने 1990 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग का जिक्र करते हुए इसे बड़ा पाप बताया।
सपा सरकार बनने पर अपराधियों का बढ़ेगा मनोबल: सोम
उत्तर प्रदेश में प्राथमिक स्कूलों को दोबारा खोलने के अखिलेश यादव के वादे पर भी संगीत सोम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण मिलता था। सोम ने दावा किया कि अगर प्रदेश में फिर से सपा की सरकार बनी तो अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव का माहौल पैदा होगा।
उन्होंने अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी का नाम लेते हुए कहा कि अब माफिया के दम पर चुनाव जीतने का दौर खत्म हो चुका है। अखिलेश यादव के रोड शो का जिक्र करते हुए भी उन्होंने आरोप लगाया कि उनके समर्थक गाड़ियों से लोगों को टक्कर मारकर डर का माहौल बना रहे हैं।
गोमूत्र वाले बयान पर भी कसा तंज
अखिलेश यादव के इत्र की दुकानों की जगह गोमूत्र बेचने वाली दुकानें खुलने संबंधी बयान पर भी संगीत सोम ने पलटवार किया। उन्होंने गोमूत्र के औषधीय इस्तेमाल का दावा करते हुए कहा कि इसका इस्तेमाल कैंसर जैसी बीमारियों के इलाज में भी किया जाता है। इसी दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि अयोध्या जाने से पहले उन्हें गोमूत्र पी लेना चाहिए, शायद इससे उनके दिमाग का भी इलाज हो जाए।
जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंचे आजम खान
दरअसल, आजम खान बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जिला जेल से रिहा होने के बाद रामपुर स्थित अपने आवास पहुंचे थे। अदालत से अंतरिम जमानत मिलने के बाद उनके समर्थकों ने उनका स्वागत किया। घर पहुंचने पर आजम खान ने समर्थकों का अभिवादन किया और कहा, 'वही खालिक, वही मालिक।'
आजम खान ने जेल में प्रताड़ना और एनकाउंटर के डर को लेकर बयान दिया था, जिस पर अब संगीत सोम की यह तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।