Saryu Kamala Express: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने संयुक्त रूप से भारत और नेपाल के बीच प्रमुख कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी। इसके साथ ही पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई।

मुझे बहुत खुशी हुई

पीएम मोदी ने सरयू कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर संबोधन करना शुरू किया। उन्होंने कहा कि नेपाल के पीएम बनने के बाद अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर बालेंद्र शाह जी का भारत में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। कुछ महीने पहले जब उन्होंने विश्व के सबसे युवा पीएम के रूप में UN को संबोधित किया था तब हमें उनकी दूरदर्शिता की स्पष्ट झलक दिखाई दी थी।

साफ विजन और प्रतिबद्धता

पिछले कुछ घंटों की बातचीत में मैंने नेपाल के भविष्य और भारत नेपाल संबंधों के लिए उनके साफ विजन और प्रतिबद्धता को महसूस किया है। इस वर्ष नेपाल की जनता ने उन्हें जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है वह नेपाल की पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है। भारत एक सशक्त और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में हमेशा सहभागी रहा है। इसी भावना से आज हमने अपने संबंधों को नई ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।"

विकास सहयोग पैकेज की घोषणा

पीएम मोदी ने भारत और नेपाल के रिश्ते को केवल पड़ोस का रिश्ता नहीं बताया, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता बताया है। हमारी खुशियां साझी हैं और हमारी चुनौतियां भी। हम एक-दूसरे की प्रगति में साथी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी। अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि के लिए हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और आज नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देने के लिए हम 24000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा करते हैं।

ऐतिहासिक अवसर ने साझा आस्था को दी नई ऊर्जा

भारत और नेपाल के संबंध पर पीएम ने कहा कि साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और गहरे लोगों के बीच संबंध के धागों से बुने हैं। भगवान राम और माता सीता हमारी साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं। साल 2018 में जनकपुर की पावन धरती पर मैंने कहा था नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं, नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हुई, इस ऐतिहासिक अवसर ने हमारी साझा आस्था को नई ऊर्जा दी।

30 करोड़ श्रद्धालुओं ने अयोध्या की यात्रा की।

इसके बाद से करोड़ों श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। 2025 में ही देश और दुनिया से लगभग 30 करोड़ श्रद्धालुओं ने अयोध्या की यात्रा की। आज शुरू की गई ट्रेन सेवा "सरयू-कमला एक्सप्रेस" से हम इस पवित्र रिश्ते को एक नया आयाम दे रहे हैं।

उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार होगा सुविधाजनक

आज हमने उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला में एक सड़क पुल का उद्घाटन किया है और बनबसा में एक इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला रखी है। इसके अलावा, हम नेपाल की तरफ दोधारा चांदनी में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के विकास कार्य में तेजी लाएंगे। इन कदमों से उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही और अधिक सुविधाजनक हो जाएगी। साथ ही, हम नेपाल और बिहार तथा उत्तर प्रदेश सहित भारत के विभिन्न राज्यों के बीच सड़क, रेल और सीमा संपर्क से जुड़ी परियोजनाओं को नई गति देंगे।

यह भी पढ़ें: 24 नवंबर को मनाई जाएगी देव दीपावली, जानिए क्यों जलाते हैं 14 दीये, क्या है धार्मिक महत्व?