नई दिल्ली: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में आदिवासियों की कृषि भूमि के अधिग्रहण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। शीर्ष अदालत ने 18 नवंबर को 270 एकड़ से अधिक आदिवासी कृषि भूमि के अधिग्रहण को रद्द कर दिया। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे पांचवीं अनुसूची वाले क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी समुदायों के लिए 'उम्मीद की किरण' बताया। हालांकि, उन्होंने न्याय मिलने में हुई पांच साल की देरी पर भी सवाल उठाए।

जयराम रमेश ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि नवंबर 2021 में ओडिशा सरकार ने सुंदरगढ़ जिले में अनुसूचित जनजाति के लोगों की 270 एकड़ से अधिक कृषि भूमि का अवैध रूप से अधिग्रहण किया था। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में सितंबर 2024 में आए ओडिशा हाईकोर्ट के फैसले को पलट दिया है।

ग्राम सभा की सहमति के बिना जमीन अधिग्रहण नहीं
कांग्रेस नेता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन में उचित मुआवजा और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 41(3) के उल्लंघन को स्पष्ट किया है। उनके मुताबिक, इस फैसले ने पांचवीं अनुसूची के तहत आने वाले आदिवासी क्षेत्रों में ग्राम सभा की भूमिका को लेकर स्थिति साफ कर दी है।

जयराम रमेश ने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में जमीन अधिग्रहण के लिए संबंधित ग्राम सभा की पूर्व सहमति अनिवार्य है। इसे केवल सलाह या औपचारिक प्रक्रिया मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि ग्राम सभा की सहमति के बिना भूमि अधिग्रहण कानून के प्रावधानों के अनुरूप नहीं होगा।

ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सरकारों को चेतावनी
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि पांचवीं अनुसूची वाले क्षेत्रों में कई बार निजी खनन कंपनियां राज्य सरकारों के सहयोग से ग्राम सभाओं की भूमिका को नजरअंदाज करती हैं या उन्हें प्रभावित करती हैं। उन्होंने ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला ऐसी सरकारों और कंपनियों के लिए चेतावनी है।

उन्होंने कहा कि यह फैसला आदिवासी समुदायों के लिए उम्मीद की किरण है, क्योंकि इससे कानून के पालन और उनके संवैधानिक अधिकारों को मजबूती मिलेगी।

पांच साल बाद क्यों मिला न्याय?
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करने के साथ ही जयराम रमेश ने न्याय मिलने में हुई देरी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब कानून का इतना स्पष्ट उल्लंघन हुआ था, तो इस पर फैसला आने में पांच साल नहीं लगने चाहिए थे।

कांग्रेस नेता के मुताबिक, यह फैसला केवल सुंदरगढ़ के आदिवासियों के लिए ही नहीं, बल्कि पांचवीं अनुसूची के तहत आने वाले दूसरे राज्यों के आदिवासी समुदायों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इससे ग्राम सभाओं की सहमति और आदिवासी जमीन के अधिकारों को लेकर कानूनी स्थिति और स्पष्ट हुई है। 

और पढ़ें: आजम खान पर संगीत सोम का बड़ा हमला, बोले- एनकाउंटर का डर होना स्वाभाविक