Mike Hussey: चेन्नई सुपर किंग्स ने हाल ही में भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया था। यह नाम अपेक्षा से काफी परे था, क्योंकि किसी को उम्मीद नहीं थी कि जहीर भी हेड कोच बनने की दौड़ में शामिल थे। अब सीएसके मैनेजमेंट ने टीम के बल्लेबाजी कोच माइक हसी को भी अपनी कोचिंग टीम से हटा दिया है।

यह फैसला आईपीएल 2027 सीजन से पहले फ्रेंचाइजी की बड़ी रीस्ट्रक्चरिंग योजना को मद्देनजर रखते हुए लिया गया है। माना जा रहा है कि टीम में अब इस पूर्व खिलाड़ी के लिए स्थान नहीं बचा है, लेकिन इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि उनका आईपीएल सफर अभी काफी लंबा रहने वाला है।

हसी को मिली जानकारी

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, माइक हसी को टीम प्रबंधन की ओर से औपचारिक सुचना दे दी गई है। हालांकि, इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने इसपर कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया।

हसी के सीएसके कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ से अच्छे पेशेवर संबंध थे, लेकिन अब वह फ्रेंचाइजी द्वारा चलाए जा रहे व्यापक फेरबदल का हिस्सा बन गए हैं। हसी को लेकर खबरे हैं कि वह कुछ फ्रेंचाइजियों के संपर्क में हैं और अगर वह अगले साल किसी दूसरी टीम में कोचिंग देते नजर आए तो इसमें बिल्कुल भी हैरानी नहीं होगी।

जेम्स फोस्टर का भी होता पत्ता साफ

चेन्नई सुपर किंग्स के फील्डिंग कोच जेम्स फोस्टर का भविष्य भी अनिश्चित बना हुआ है। उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने को लेकर भी फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया गया है। इंग्लैंड के पूर्व इंटरनेशनल खिलाड़ी फोस्टर पिछले साल इस फ़्रैंचाइजी से जुड़े थे और उन्हें इस स्थिति के बारे में बता दिया गया है। हालांकि, जब उनसे इस बारे में सवाल किया गया तो वह खामोश रहे। हालांकि, अभी तक हसी और फोस्टर को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है लेकिन जल्द ही इसको लेकर सीएसके की ओर से पुष्टि की जा सकती है।

मोहित शर्मा बने थे बॉलिंग कोच

हाल ही में भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स का नया बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया था। उन्हें टीम में एरिक सिमोन्स की जगह यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोहित को बॉलिंग कोच बनाने का एक कारण यह भी हो सकता है कि वह इस फ्रेंचाइजी का काफी लंबे समय तक हिस्सा रहे हैं। साथ ही फ्रेंचाइजी भी मोहित शर्मा की काबिलियत को भलीभांति जानती हैं और यही वजह है कि उन्होंने एक भारतीय खिलाड़ियों को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

ये भी पढ़ें- श्रेयस अय्यर से सुनील गावस्कर ने पूछे तीखे सवाल, पूर्व खिलाड़ी ने निकाली भड़ास