मदुरै: तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर जारी विवाद में मद्रास हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। मदुरै बेंच ने जिला कलेक्टर, पुलिस कमिश्नर और मंदिर प्रशासन समेत सभी संबंधित अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को लागू किया जाए। इसके साथ ही अदालत ने एक 'जॉन डो' आदेश जारी करते हुए आम लोगों को सुप्रीम कोर्ट के फैसले की अवहेलना के लिए खुले तौर पर उकसाने से रोक दिया है।
वहीं, अदालत ने निषेधाज्ञा के तहत अवैध रूप से हिरासत में लिए गए सभी लोगों को तत्काल रिहा करने का भी निर्देश दिया है। इस आदेश को स्थानीय प्रदर्शनकारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
याचिकाकर्ताओं ने धारा 163 के आदेश को दी चुनौती
दरअसल, फैसले से पहले याचिकाकर्ताओं की ओर से वकीलों ने मद्रास हाईकोर्ट के जस्टिस जीआर स्वामीनाथन के सामने तत्काल सुनवाई की मांग की थी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून में कार्तिगई दीपम जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि मदुरै जिला कलेक्टर की ओर से BNSS की धारा 163 के तहत लगाया गया निषेधाज्ञा आदेश गैरकानूनी है और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन करता है। उन्होंने इस आदेश को तत्काल रद्द करने की मांग की।
इसके अलावा याचिकाकर्ताओं ने केंद्र सरकार से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जरिए जरूरी सुरक्षा और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की, ताकि सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश के अनुसार 24 नवंबर को दीपथून पर दीपम जलाया जा सके।
याचिकाकर्ताओं ने मदुरै जिला प्रशासन पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने में बाधा डालने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि प्रशासन ने सोमवार रात जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दीपम जलाने की प्रक्रिया प्रभावित करने की कोशिश की।
सुप्रीम कोर्ट ने दी थी एक बार दीपम जलाने की अनुमति
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक अस्थायी व्यवस्था के तहत तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की एक बार की अनुमति दी थी। हालांकि, इसके लिए अदालत ने कुछ शर्तें और सुरक्षा संबंधी निर्देश भी निर्धारित किए थे।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, मंदिर प्रशासन की ओर से गठित सीमित टीम ही यह धार्मिक अनुष्ठान करेगी। टीम का आकार और संरचना मदुरै जिला कलेक्टर मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और मदुरै पुलिस कमिश्नर से परामर्श करके तय करेंगे। पूरी व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी भी जिला कलेक्टर को दी गई थी।
हालांकि, इस बीच तमिलनाडु सरकार के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (HRCE) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दीपम जलाने की एक बार की अंतरिम व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
तिरुवन्नामलाई में भी महादीपम के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
वहीं, तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई स्थित अन्नामलाई पहाड़ियों पर वार्षिक कार्तिगई दीपम उत्सव के तहत महादीपम जलाया गया। इस पवित्र ज्योति के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु शहर और गिरिवलम मार्ग पर जुटे।
तिरुपरंकुंद्रम में दीपम जलाने को लेकर कानूनी विवाद के बीच मद्रास हाईकोर्ट का यह आदेश काफी अहम माना जा रहा है।