Sitanshu Kotak on Mohammed Siraj: वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले गए पहले टेस्ट के पहले दिन न्यूजीलैंड ने 5 विकेट के नुकसान पर 243 रन बना लिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने तक हेनरी निकोल्स (113) और ग्लेन फिलिप्स (94) नाबाद वापस लौटे।

वहीं, इस मैच में हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने मोहम्मद सिराज को बेंच पर बैठाया तो प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का फैसला किया है। सिराज को बाहर करने पर टीम मैनेजमेंट पर काफी सवाल उठ रहे हैं, जिसका बचाव पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने किया। 

सिराज को क्यों किया बाहर?

पोस्ट-डे प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिराज को बाहर रखने के बारे में पूछे जाने पर, कोटक ने सिलेक्शन कॉल का समर्थन किया और कहा कि टीम मैनेजमेंट ने अपनी बेस्ट प्लेइंग इलेवन तय करते समय कंडीशन और विरोधी टीम पर विचार किया था।

‘’मुझे लगता है कि जब वे टीम चुनते हैं, तो वे बेस्ट ग्यारह के बारे में सोचते हैं, और वही खेला। सिराज के साथ कुछ भी गलत नहीं था, उन्होंने बेस्ट पॉसिबल प्लेइंग इलेवन के बारे में सोचा और खेला। श्रीलंका में अलग कंडीशन थीं। सिराज को बाहर करना गलत फैसला नहीं था।"

प्रसिद्ध आक्रमक गेंदबाज हैं- कोटक

पत्रकार वार्ता में बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने प्रसिद्ध कृष्णा का भी बचाव किया। हालांकि, खेल के पहले दिन प्रसिद्ध के स्पेल काफी महंगे रहे और उनकी गेंदबाजी पर कीवी बल्लेबाजों ने कई बाउंड्री लगाई थीं। कोटक ने कहा,

"प्रसिद्ध एक अटैकिंग बॉलर हैं और वह रन ज्यादा दे सकते हैं। जब वह विकेट लेते हैं तो लोगों को अच्छा लगता है, और जब वह रन अधिक देते हैं तो नहीं।"

पहले टेस्ट के पहले दिन अगर प्रसिद्ध की गेंदबाजी देखी जाए तो वह बेहद साधारण रही। उन्होंने 16 ओवर में 58 रन खर्च किए, लेकिन सफलता एक भी हाथ नहीं लगी। वह मैच के पहले दिन सबसे ज्यादा इकॉनमी रेट से रन खर्च करने वाले गेंदबाज रहे। उनका इकॉनमी रेट 3.62 का था।

ब्लैककैप्स की दमदार वापसी

गुरुवार से शुरू हुए पहले टेस्ट में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। कप्तान शुभमन का यह फैसला सही रहा, क्योंकि भारतीय तेज गेंदबाजों ने कीवियों का स्कोर एक समय 70 पर 5 विकेट कर दिया था।

टीम का पहला झटका 2 के स्कोर पर लगा, जब कप्तान टॉम लैथम जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंद पर क्लीन बोल्ड होकर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद युवा तेज गेंदबाज अशुंल कंबोज ने दूसरे ओपनर डेवॉन कॉनवे को विकेट के पीछे कैच आउट करवाया।

वह 4 रन बनाकर आउट हुए। फिर आकाश दीप ने रचिन रवींद्र को चलता किया तो बुमराह ने डेरिल मिचेल और टॉम ब्लंडेल को आउट करके कीवियों का स्कोर 70 पर पांच विकेट कर दिया था। लेकिन यहां से हेनरी निकोल्स (113) और ग्लेन फिलिप्स (94) ने छठे विकेट के लिए 327 गेंदों पर 173 रन की अटूट साझेदारी कर टीम की शानदार वापसी करवाई।

ये भी पढ़ें- IPL को टक्कर दे रही है बुजुर्ग खिलाड़ियों की लीग! व्यूअरशिप में हासिल किया दूसरा स्थान