Bhuvneshwar kumar: मंगलवार (6 अक्टूबर) को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड दौरे पर खेली जाने वाली पांच टी20 मैच की सीरीज के लिए स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस दल में सबसे बड़ा नाम भुवनेश्वर कुमार का रहा, जिन्होंने 4 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की है। 

भुवी का प्रदर्शन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 और 2026 में कमाल का था और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दो बार चैंपियन बनाने में इस गेंदबाज का काफी अहम रोल रहा। उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए चयन समिति ने इस 36 वर्षींय गेंदबाज को दोबारा मौका दिया है। इसपर भारत के पूर्व खिलाड़ी ने खुशी जाहिर करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर किया।

भुवी प्रेरणादायक मिसाल- सुरेश रैना

भारत के पूर्व आक्रामक बल्लेबाज सुरेश रैना ने भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर खुशी जाहिर की और इसे सही ठहराया। साथ ही उन्होंने उनकी अनुशासन, कड़ी मेहनत और हिम्मत की तारीफ की। रैना ने एक्स पर लिखा, 

"वापसी पर स्वागत है, भुवी! भारत के सबसे बेहतरीन और कुशल गेंदबाजों में से एक को फिर से पहचान मिलते देखकर बहुत खुशी हुई। इतने सालों में उन्होंने जो अनुशासन, कड़ी मेहनत और हिम्मत दिखाई है, वह वाकई प्रेरणादायक है। उत्तर प्रदेश से आईपीएल और अब भारतीय T20 टीम में वापसी, यह वापसी पूरी तरह से सही है। ऐसे ही प्रेरित करते रहें, भुवनेश्वर कुमार, आपका सफर इस बात की याद दिलाता है कि कड़ी मेहनत का फल हमेशा मिलता है।"

2022 में खेला था आखिरी मैच

भुवनेश्वर कुमार की वापसी उनकी कड़ी मेहनत और भारत के प्रति दोबारा खेलने के जज्बे को दर्शाती है। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच नवंबर 2022 को न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर में खेला था लेकिन खराब प्रदर्शन के चलते चयन समिति ने उनको ड्रॉप कर दिया और 4 साल तक वापसी का मौका नहीं मिला।

 हालांकि, भुवी ने टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद नहीं छोड़ी और लगातार घरेलू क्रिकेट और अन्य प्रतियोगितों में खुद की काबिलियत को साबित करते रहे और अंत में उनको टीम इंडिया के लिए बुलावा आ गया।

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: भुवनेश्वर कुमार की वापसी, बिश्नोई बाहर, न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान

आंकड़े दे रहे हैं वापसी की गवाही

स्विंग के जादूगर के नाम से मशहूर भुवनेश्वर कुमार के आंकड़े उनकी वापसी की गवाही दे रहे हैं। बाहर होने के बाद भुवी ने हैदराबाद के लिए 2023 और 2024 में क्रमश: 16 और 11 विकेट लिए। लेकिन मेगा ऑक्शन 2025 में उनको टीम ने रिलीज कर दिया और आरसीबी ने उनको अपने दल में शामिल किया। 

इसके बाद आरसीबी के लिए खेले दो संस्करण में उन्होंने क्रमश: 17 और 28 विकेट लेकर वापसी के संकेत दिए। इसके बाद यूपी टी20 लीग 2026 में भी उन्होंने विकेटों का अंबार लगा दिया और इस प्रदर्शन की बदौलत ही उनको वापसी का मौका मिला।

बता दें कि, टी20 दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होगा और इस दौरान पांच टी20आई मैचों के साथ शुरू होगा। इसके बाद पांच ODI और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। 

भारतीय टीम का टी20आई स्क्वाड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप कप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव।

ये भी पढ़ें- 'इतिहास आपको याद रखेगा...' अजीत अगरकर की विदाई पर गौतम गंभीर का छलका दर्द, लिखी दिल छू लेने वाली बात