Sahibzada Farhan: पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को पाकिस्तान टी20 क्रिकेट टीम का नया कप्तान बनाया गया है। उनकी अगुवाई में मैन इन ग्रीन ने 2026 एशियाई खेलों में कमाल का प्रदर्शन किया था और फाइनल तक पहुंची थी। हालांकि, वह स्वर्ण पदक मुकाबले में भारतीय टीम से 19 रन से हार गई। 

पीसीबी ने साहिबजादा की इसी काबिलियत को देखते हुए सलमान अली आगा को हटाकर उनको कप्तान बनाया गया है। अब फुल टाइम कप्तान बनने के बाद इस सलामी बल्लेबाज ने कहा कि वह इस नई जिम्मेदारी को निभाने के लिए काफी उत्साहित हैं, लेकिन वह थोडा प्रेशर भी महसूस कर रहे हैं।

कप्तानी का प्रेशर है- फरहान

साहिबजादा फरहान अपनी कप्तानी का सफर श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज से करेंगे। लेकिन इससे पहले उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘’पहली बार किसी घरेलू सीरीज में पाकिस्तान की कप्तानी करना मेरे लिए काफी सम्मान की बात है। मैं इस नई चुनौती के लिए काफी उत्साहित हूं।’’ पाकिस्तान के नई कप्तान ने यह भी स्वीकार किया कि इस पद को संभालने में काफी दबाव होता है। उन्होंने कहा, 

‘’जाहिर है, कप्तानी का दबाव होता है, क्योंकि आप टीम का नेतृत्व कर रहे होते हैं तो आपको एक अलग माइंडसेट दिखाना होता है। मैंने पहले भी घरेलू क्रिकेट में अपनी टीम की बागडोर संभाली है।’’

मैंने कभी नहीं सोचा था- फरहान

टी20 टीम की नई जिम्मेदारी संभालने के बाद साहिबजादा फरहान ने कहा कि उन्होंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि उनको पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कप्तानी करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा,

‘’मैंने कभी खुद को पाकिस्तान का कप्तान बनते हुए नहीं सोचा था। माता-पिता की दुआएं बिल्कुल सच होती हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जो टीम इस सीरीज के लिए चुनी है, उस पर कप्तान को भरोसा है। मुझे मौजूदा टीम में चुने गए प्लेयर्स पर पूरा यकीन है। वरिष्ठ प्लेयर्स की मौजूदगी में मुझे मैदान पर बहुत मदद मिलेगी।

हम आक्रामक क्रिकेट खेलेंगे- कप्तान

श्रीलंका के खिलाफ पहले घरेलू टी20 मैच के लिए कप्तान साहिबजादा फरहान ने अपनी रणनीति को लेकर स्पष्ट किया कि उनकी टीम इस बार आक्रामक क्रिकेट खेलेगी और इसी मांइटसेट के साथ मैदान पर उतरेगी।

कप्तान ने कहा कि हमारे शीर्ष क्रम को देखें, जिसमें फखर जमान, माज सदाकत और हसन नवाज शामिल हैं तो उनका खेलने का स्टाइल भी मेरी तरह ही है।

मैं जिस टीम को चाहता था मुझे वहीं मिली। आपको बता दें कि, पाकिस्तान वर्सेस श्रीलंका के बीच तीन टी20 मैच खेले जाने हैं। सीरीज का पहला मैच 9 अक्टूबर को खेला जाएगा तो दूसरा मैच 11 अक्टूबर और तीसरा 13 अक्टूबर को होगा। यह सभी मैच रावलपिंडी में खेले जाएंगे।

ये भी पढ़ें- 10 साल बाद हुई इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी, और पहले ही दिन बना डाला सबसे घटिया रिकॉर्ड