नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान छात्र नेता नेहा बोरा काफी चर्चा में रहीं। पीस बॉन्ड भरने से इनकार करने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां मिलीं। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं की ओर से पीस बॉन्ड पर हस्ताक्षर किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे। अब नेहा बोरा से तुलना किए जाने पर CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी से मुकाबला करने नहीं आई है और नेहा बोरा एक शानदार व्यक्तित्व हैं।

दरअसल, हाल ही में आशुतोष रांका वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम को दिए एक इंटरव्यू में शामिल हुए थे। इस दौरान उनसे पूछा गया कि क्या पुलिस की शर्तों के मुताबिक पीस बॉन्ड पर हस्ताक्षर करके CJP ने अपने कदम पीछे खींच लिए, जबकि नेहा बोरा ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था। इस सवाल पर रांका ने कहा कि दोनों की परिस्थितियां और संगठन अलग-अलग हैं, इसलिए उनकी तुलना करना सही नहीं है।

नेहा बोरा बहुत शानदार हैं, मैंने भी उनसे सीखा है
आशुतोष रांका ने नेहा बोरा की तारीफ करते हुए कहा, "हम यहां किसी से कम्पीट करने नहीं बैठे हैं। नेहा बोरा बहुत ही शानदार व्यक्तित्व हैं। बहुत ही हिम्मत वाली हैं। मैंने खुद भी उनसे बहुत कुछ सीखा है। लेकिन उनकी परिस्थिति अलग है। उनका बैकग्राउंड है। उनका जिस ऑर्गेनाइजेशन से एफिलिएशन है, वो अलग है।"

उन्होंने आगे कहा कि CJP अपनी अलग रणनीति के तहत काम करती है। नेहा बोरा अपना काम कर रही हैं और उनकी पार्टी अपने तरीके से आंदोलन आगे बढ़ाएगी। रांका ने कहा कि CJP एक स्वतंत्र प्रेशर ग्रुप है, जिसके साथ देश के युवा और आम लोग जुड़े हैं।

क्या पीस बॉन्ड भरकर CJP ने बांध लिए अपने हाथ-पैर?
इंटरव्यू के दौरान आशुतोष रांका से यह भी पूछा गया कि क्या पीस बॉन्ड पर हस्ताक्षर करने के बाद CJP के लिए विरोध प्रदर्शन करना मुश्किल हो गया है? इस पर उन्होंने साफ कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। उन्होंने बताया कि पार्टी अब भी अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन कर रही है।

रांका ने कोच्चि और गोवा में हुए प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि दिवाली की वजह से गतिविधियों में एक सामान्य ब्रेक आया था, लेकिन अब पार्टी फिर से मैदान में उतर चुकी है। उन्होंने बताया कि अभिजीत दीपके भी कोच्चि में SIR के मुद्दे पर हुए प्रदर्शन में शामिल हुए थे।

दिल्ली पुलिस ने CJP के नेताओं से भरवाया था पीस बॉन्ड
दरअसल, SIR के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान करने के बाद CJP के अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास 10 अक्टूबर को मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। दिल्ली पहुंचने के बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया था।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तीनों नेताओं से एक साल तक शांति बनाए रखने और अच्छे व्यवहार के लिए 50 हजार रुपये का मुचलका और शपथ पत्र भरवाया गया था। इसके बाद उन्हें रिहा किया गया। हालांकि, रिहाई के बाद जब उन्होंने सेंट्रल पार्क और जंतर-मंतर की ओर दोबारा मार्च करने की कोशिश की तो उन्हें फिर हिरासत में लिया गया। इस दौरान भी रिहाई के लिए पीस बॉन्ड पर हस्ताक्षर करने पड़े।

नेहा बोरा ने बॉन्ड भरने से कर दिया था इनकार
वहीं, 16 अक्टूबर को मंडी हाउस में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गईं आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा ने मजिस्ट्रेट के सामने पीस बॉन्ड भरने से इनकार कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए पीस बॉन्ड का इस्तेमाल हथियार की तरह कर रही है।

नेहा बोरा का कहना था कि संविधान नागरिकों को असहमति जताने और विरोध करने का अधिकार देता है, लेकिन शांति भंग होने की आशंका के नाम पर प्रदर्शनकारियों को बार-बार हिरासत में लेकर मुचलका भरने के लिए मजबूर किया जाता है। उन्होंने पीस बॉन्ड पर हस्ताक्षर करने को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों से पीछे हटने जैसा बताया था।

इसी घटनाक्रम के बाद नेहा बोरा और CJP के नेताओं के विरोध के तरीकों की तुलना होने लगी। अब आशुतोष रांका ने साफ किया है कि दोनों संगठनों की रणनीति अलग है और उनकी लड़ाई को एक-दूसरे से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। 

और पढ़ें: पश्चिम बंगाल की नई पहचान की तैयारी, 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा नाम बदलने का प्रस्ताव