मुजफ्फरपुर: दहेज़ की आड़ में जहां आए दिन घरेलु हिंसा और मारपीट की घटना सामने आती है तो वही कई बार ऐसा भी होता है कि शादी के मंडप से बारात तक वापस लौट जाती है। खबर बिहार से है जहा मुजफ्फरपुर जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है दहेज के एक लाख रुपये को लेकर शादी में विवाद हुआ जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले को शांत कराया।
सात घंटे बाद शादी की रस्में हुई पूरी
सकरा थाना क्षेत्र के हरपुर कृष्णा गांव में दहेज की बकाया रकम को लेकर शादी समारोह में जमकर विवाद हुआ। वही विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे के पिता और जीजा बारात लेकर लौटने लगे। हालांकि, दूल्हे ने शादी करने की जिद नहीं छोड़ी। पुलिस की पहल और दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद तय मुहूर्त से करीब सात घंटे बाद सोमवार सुबह शादी की रस्में पूरी हुईं। इसके बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर घर रवाना हुआ।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे ₹2,000, जनवरी से शुरू होगी 'भरोसा कर्मसूची' योजना
शादी से एक सप्ताह पहले तिलक की रस्म हुई थी पूरी
जानकारी के अनुसार, हरपुर कृष्णा गांव निवासी विनोद पासवान की बेटी रूपा कुमारी की शादी पीयर थाना क्षेत्र के रामपुर दयाल गांव निवासी श्रीराम दास पासवान के पुत्र अमित कुमार से तय हुई थी। शादी से एक सप्ताह पहले तिलक की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। रविवार शाम बारात पहुंची। द्वारपूजा, स्वागत और जयमाला की रस्म के बाद बारातियों ने भोजन भी किया। रात करीब एक बजे शादी का मुहूर्त निर्धारित था।
दुल्हन के पिता ने बारात के भोजन पर हुए खर्च की मांगी भरपाई
आरोप है कि जयमाला के बाद शादी की रस्म शुरू होने से पहले दूल्हे के पिता ने दुल्हन के पिता से दहेज की बकाया एक लाख रुपये की मांग कर दी। इस पर लड़की पक्ष ने शादी के बाद रकम देने की बात कही। दुल्हन की बुआ मीना देवी के अनुसार, दुल्हन के पिता ने एक लाख रुपये देने पर सहमति जताई, लेकिन बारात के भोजन पर हुए खर्च की भरपाई करने की शर्त रख दी। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। इसके बाद दूल्हे के पिता और जीजा शादी छोड़कर लौटने की बात कहने लगे।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में भारी गिरावट से निवेशकों को ₹5 लाख करोड़ का नुकसान, सेंसेक्स 1,850 अंक लुढ़का
दूल्हे ने कहा- लड़की पसंद है, उसी से करूंगा शादी
बताया जाता है कि दूल्हे के पिता के जाने की बात पर लड़की पक्ष के लोगों और ग्रामीणों ने दूल्हे अमित कुमार व उसके जीजा को रोक लिया। इसी बीच किसी ने सकरा थाना पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस से बातचीत के दौरान दूल्हे ने कहा कि दहेज का मामला अभिभावकों के बीच का है। उसने शादी से पहले लड़की को देखा था और दोनों के बीच बातचीत भी होती थी। लड़की उसे पसंद है और वह उसी से शादी करना चाहता है।
सुबह आठ बजे लिए सात फेरे
रात करीब एक बजे शादी का मुहूर्त था, लेकिन विवाद और मान-मनौव्वल में करीब सात घंटे बीत गए। पुलिस की पहल के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। इसके बाद सोमवार सुबह करीब आठ बजे दूल्हा अमित कुमार और दुल्हन रूपा कुमारी ने सात फेरे लिए। शादी संपन्न होने के बाद दूल्हा अपनी पत्नी को लेकर घर चला गया। दूल्हे ने कहा कि वह शादी से खुश है और हर हाल में अपनी पत्नी का ख्याल रखेगा।
REPORTER- RAHUL KUMAR
यह भी पढ़ें: कार्तिक पूर्णिमा 2026: इन चीजों का करें दान, मिलेगा अक्षय पुण्य, जानें क्या दान करना है शुभ