Rohit Sharma: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने घरेलू मैदान पर खेले गए वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में मिली निराशाजनक हार और उस हार से टीम में पैदा हुई बेचैनी और जीतने की भूख के बारे में खुलकर बात की। इस हार ने ही उनके मन में अगले साल टी20 वर्ल्ड कप जीतकर 11 साल से चला आ रहा ट्रॉफी का सूखा खत्म करने में मदद की।

19 नवंबर 2023 की रात भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए बहुत दुखद रही। वर्ल्ड कप 2023 में लगातार 10 शानदार और रिकॉर्ड-तोड़ जीत के बाद, 'मेन इन ब्लू' की अजेय दिखने वाली टीम को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा। 

यह पूरे देश का लक्ष्य था-रोहित

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने उस दिन को दोबारा याद किया, जिसने करोड़ों भारतीय प्रशंसकों का दिल तोड़ दिया था। रोहित ने फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा पर बोलते हुए कहा,

"दरअसल, मेरे सारे क्रिकेट करियर में यह सबसे कठिन दौर था। 2007 से लेकर मैं अभी तक खेल रहा हूं। 19 साल हो गए। और 19 साल में मैंने ऐसा समय कभी भी नहीं देखा अपने खुद के लिए। एक समय था 2012 (श्रीलंका) में जब मैं काफी खराब तरीके से खेल रहा था और मैं अपने आप पर बहुत निराश था। लेकिन वो मेरा अपना लक्ष्य था। लेकिन ये 19 नवंबर मेरा नहीं, लेकिन हमारे पूरे देश का लक्ष्य था कि हम विश्व कप जीते।''

हम भारत में खेल रहे थे-रोहित

39 वर्षींय बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आगे कहा, "खराब इसलिए लगा क्योंकि हम भारत में विश्व कप खेल रहे थे और हम ऐसे खेल रहे थे कि कभी लगा नहीं था कि हम हार सकते थे। लेकिन ये ही होता है खेल में, जब आपको लगता है कि सब कुछ सही चल रहा है, तभी कहीं ना कहीं। एक अदचान आ जाती है जो आपको नीचे डाल देती है। तो ये हमें स्पोर्ट्स से सीखने मिलता है, ये सब चीजें।”

इस प्रतियोगिता में भारत का प्रदर्शन काफी लाजवाब रहा था लेकिन फाइनल में इसके विपरीत देखने को मिला।

एक हार और 18 साल बाद जीता विश्व कप

वनडे वर्ल्ड कप 2023 में मिली हार के बाद टीम इंडिया को अगले साल टी20 विश्व कप 2024 खेलना था, जो संयुक्त राज्य अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में होना था। रोहित ने स्वीकार किया कि अगर वह हार नहीं मिलती तो शायद टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतना मुश्किल था। उन्होंने कहा,

"लेकिन उस चीज से मुझे सीखने के लिए भी बहुत कुछ मिला। अगर वो होता नहीं, तो शायद हम 2024 में टी20 वर्ल्ड कप ना जीतते। वो हताशा और वो भूख शायद 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में ना आता। मुझे लगता है कि असफलता आपको सफलता से ज्यादा चीजें सिखाती है।"

रोहित ने दिल टूटने से लेकर जीत तक के सफर को एक जबरदस्त बात से बयां किया। उन्होंने कहा, "हर 19 नवंबर के लिए एक 29 जून तो आता ही है।"

ये भी पढ़ें- Delhi Protest: CJP के प्रदर्शन पर पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर का तंज, दिल्ली पुलिस को लेकर कही ये बात