India's Greatest Cricketer: भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भारत के सर्वकालिक महानतम क्रिकेटर का चुनाव करते समय भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया।

अश्विन ने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत धोनी की कप्तानी में की थी। इसके बाद उन्होंने काफी लंबे समय तक विराट कोहली की कप्तानी में खेला और रोहित शर्मा के दौर में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। हालांकि, रिटायरमेंट के बावजूद अश्विन क्रिकेट पर अपने विचार रखते रहते हैं। 

अश्विन को मिले थे 16 खिलाड़ियों के विकल्प

भारत के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी को चुनने के लिए पूर्व ऑफ स्पिनर को कुल 16 विकल्प मुहैया करवाए गए थे, जिसमें से एक पर उन्होंने अपनी मुहर लगा दी। क्रिकइंफो द्वारा जारी एक वीडियो में अश्विन ने भारत के सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का चयन किया। राउंड ऑफ 16 में अश्विन ने सचिन, विराट कोहली, कपिल देव और वीरेंद्र सहवाग को क्रमशः विजय हजारे, रोहित शर्मा, हरभजन सिंह और सुनील गावस्कर के ऊपर चुना। 

अनिल कुंबले को रखा खुद के ऊपर

स्पिन में अपने लंबे समय के साथी रवींद्र जडेजा को चुनने की "इच्छा" होने के बावजूद उन्होंने एमएस धोनी को रवींद्र जडेजा के ऊपर चुना। उन्होंने राहुल द्रविड़, जसप्रीत बुमराह और सौरव गांगुली को वीनू मांकड़, अनिल कुंबले और खुद के ऊपर चुना। वहीं, क्वार्टर-फाइनल में उन्होंने गांगुली के बजाय सचिन को चुना और फिर द्रविड़ के बजाय 1983 विश्व कप विजेता कप्तान कपिल को।

बाकी दो मुकाबलों में उन्होंने दो चौंकाने वाले फैसले लिए, भारत के ट्रॉफी विजेता कप्तान धोनी के बजाय सहवाग को और विराट के बजाय बुमराह को चुना। सेमीफाइनल में अश्विन ने सहवाग के मुकाबले सचिन को और कपिल के मुकाबले बुमराह को चुना, जिससे फाइनल में सचिन और बुमराह आमने-सामने आ गए।

अंत में सचिन तेंदुलकर के नाम पर लगाई मुहर

रविचंद्रन अश्विन के लिए इन दिग्गजों में से किसी का का सर्वकालिक खिलाड़ी के तौर पर चयन करना बिल्कुल भी आसान नहीं था। हालांकि, अश्विन ने अंत में भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को महानतम भारतीय क्रिकेट घोषित किया।

वहीं, उन्होंने विराट कोहली और रोहित शर्मा को मास्टर ब्लास्टर की टक्कर का बल्लेबाज बताया। बता दें कि, जब सचिन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था तब उनके रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ियों के बारे में पूछा गया था। उस समय सचिन ने भी इन्हीं दोनों दिग्गजों पर भरोसा जताया था।

सचिन ने बनाए थे 34 हजार से अधिक रन

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर ने इंटरनेशनल करियर में 34,357 रन बनाए हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान, उन्होंने बार-बार रिकॉर्ड तोड़े और ऐसे मुकाम हासिल किए जो आज तक अछूते हैं।

अपने अटूट धैर्य और दृढ़ता के बल पर, 'मास्टर ब्लास्टर' ने 200 टेस्ट मैच खेले हैं, जो इस प्रारूप में किसी भी खिलाड़ी द्वारा खेले गए सबसे अधिक मैच हैं। तेंदुलकर ने 15,921 रन, 51 शतक और 2,058 चौके बनाए, जो लाल गेंद क्रिकेट में किसी भी खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सबसे अधिक चौके हैं।

ये भी पढ़ें- श्रीलंका दौरा खत्म होते ही एक्शन में BCCI, फिटनेस टेस्ट के लिए भेजा इन खिलाड़ियों को बुलावा, बुमराह-हार्दिक को राहत