South Africa vs Australia 1st Test: साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस समय तीन टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा है। पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का चयन किया था, लेकिन यह फैसला उनके पक्ष में नहीं गया।
डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में हो रहे इस मैच में जहां सभी कंगारू बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे तो कप्तान पैट कमिंस ने अकेले मोर्चा संभालते हुए 98 गेंदों पर 43 रन की जुझारू पारी खेली और अपनी टीम को 200 के पार पहुंचाने में महत्वपूर्ण किरदार निभाया।
120 पर आधी टीम लौटी पवेलियन
श्रृंखला के ओपनिंग मैच में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम का पहला विकेट 17 के स्कोर पर गिर गया था, जब ट्रेविस हेड (9) को वियान मुल्डर ने विकेटकीपर के हाथों कैच आउट करवाया। फिर एक दशक बाद वापसी कर रहे सलामी बल्लेबाज निक मैडिंसन बिना खाता खोले चलते बने।
A FIGHTING INNINGS BY CAPTAIN PAT CUMMINS AGAINST SOUTH AFRICA. https://t.co/7OPwWPNKpd
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) October 10, 2026
निक ने क्रीज पर 33 गेंदों पर कड़ा संघर्ष किया, लेकिन वह एक भी रन नहीं बना सके। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने तीसरे विकेट के लिए 60 रन की अहम पार्टनशिप की, लेकिन लाबुशेन (37) का विकेट गिरने के बाद विकेटों की पतझड़ शुरू हो गई। इसी स्कोर पर स्टीव स्मिथ (25) भी चलते बने तो विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी (14) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके।
कप्तान ने संभाली पारी
120 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी तो 126 तक पहुंचते-पहुंचते ब्यू वेबस्टर भी 4 के व्यक्तिगत स्कोर पर चलते बने। लग रहा था कि यहां से ऑस्ट्रेलिया 150 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी, लेकिन कप्तान पैट कमिंस ने 98 गेंदों पर 43 रन की शानदार पारी खेली।
उन्होंने सातवें विकेट के लिए मैट रेनशॉ के साथ 191 गेंदों पर 86 रन की सबसे अहम साझेदारी की और टीम को 200 के पार पहुंचाया। हालांकि, वह अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने अपनी टीम को संकट से बाहर निकाला।
WTC में टॉप पर बने रहने की जंग
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से यह सीरीज काफी महत्वपूर्ण होने वाली है, क्योंकि इस तालिका में जहां ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर है तो साउथ अफ्रीका की टीम दूसरे नंबर पर है।
ऐसे में इस सीरीज में जिस टीम का प्रदर्शन काफी शानदार होगा, वह टीम पहले स्थान पर जाएगी और उनका फाइनल में पहुंचने का चांस उतना ही मजबूत होगा। ऐसे में दोनों टीमों के बीच एक कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
ये भी पढ़ें- संजू सैमसन की हाफ सेंचुरी ने बढ़ाई वैभव सूर्यवंशी की टेंशन, इतने मैचों के लिए बैठना पड़ेगा बाहर!