Pakistan Announces Squad: डिफेंडिंग चैंपियन पाकिस्तान ने हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए सात सदस्यों वाली टीम का ऐलान किया है। छह बार की चैंपियन टीम 30 अक्टूबर को टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक में भारत का सामना करेगी।

पाकिस्तान का लक्ष्य अपना खिताब बचाए रखना है, जो उसने पिछले साल फाइनल में कुवैत को 43 रनों से हराकर जीता था। मोहम्मद अब्बास अफरीदी को कप्तान बनाया गया है, जिन्होंने 2025 के फाइनल में सिर्फ 11 गेंदों पर शानदार 52 रन बनाए थे।

इन खिलाड़ियों पर लगाया दांव

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट के लिए अपने बेस्ट खिलाड़ियों को भेजने का फैसला किया है, ताकि वह खिताब की रक्षा करने में कामयाब हो सके। पाकिस्तान की टीम में मोहम्मद अब्बास अफरीदी, अहमद दानियाल लतीफ, ख्वाजा मोहम्मद नाफे, सैयद मोहम्मद अब्दुल समद, मोहम्मद इरफान खान, चौधरी साद मसूद और मोहम्मद शहजाद शामिल हैं।

2025 में छठा खिताब जीतने के बाद पाकिस्तान इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बन गई है। अब वे इस तेज-तर्रार प्रतियोगिता में अपना दबदबा बनाए रखने की कोशिश करेंगे, जो 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हांगकांग के टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड में होगी।

30 अक्टूबर को होगी भारत से भिड़ंत

स्क्वाड घोषणा के साथ ही 30 अक्टूबर को भारत के खिलाफ एक बड़े मुकाबले की तैयारी भी हो गई है। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2:15 बजे शुरू होगा। भारत ने पहले ही एक मजबूत टीम की घोषणा कर दी थी, जिसमें भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पांड्या, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नितिश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी. नटराजन शामिल हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारत की टी20आई टीम में चुने जाने के बाद भुवनेश्वर शायद इस टूर्नामेंट में न खेल पाएं।

पाकिस्तान की टीम:

मोहम्मद अब्बास अफरीदी (कप्तान), अब्दुल समद, अहमद दानियाल, मुहम्मद इरफान खान, ख्वाजा नाफ़े, मुहम्मद शहजाद और साद मसूद।

ये भी पढ़ें- ‘पाकिस्तान का कप्तान…’ कप्तानी मिलते ही बदले साहिबजादा फरहान के तेवर, श्रीलंका सीरीज से पहले कही ये बात