Kolkata Knight Rider: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सबसे बड़ी चुनौती एक नया कप्तान ढूंढना है। 2025 और 2026 में इस फ्रेंचाइजी को अजिंक्य रहाणे ने लीड किया था लेकिन नए सीजन से पहले इस अनुभवी बैटर ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया।
ऐसे में केकेआर तलाश न सिर्फ एक कप्तान, बल्कि एक अनुभवी बैटर की भी होगी। हालांकि, कोलकाता की ये टेंशन काफी हद तक कम होने वाली है, क्योंकि मिनी ऑक्शन में दो अनुभवी खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया है, जिनके पास न सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलना, बल्कि कप्तानी करना भी है।
ऑस्ट्रेलियाई बैटर ने किया रजिस्टर
16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने रजिस्टर किया है। वॉर्नर दो करोड़ रुपये की बेस प्राइज पर ऑक्शन में आने वाले हैं, और इस खिलाड़ी को खरीदने के लिए केकेआर करोड़ों रुपये खर्च कर सकती है।
🚨 JUST IN Ben Stokes has registered for IPL 2027 Auction https://t.co/e4ydLE6JDy
— Cricbuzz (@cricbuzz) November 24, 2026
वॉर्नर ने आईपीएल में कुल 184 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 40.52 की शानदार औसत और 139.77 के स्ट्राइक रेट से 6565 रन बनाए हैं। वॉर्नर ने आईपीएल में 4 शतक और 62 अर्धशतक ठोके हैं।
वॉर्नर कप्तानी के मजबूत दावेदार
कोलकाता नाइट राइडर्स अगर वॉर्नर को खरीदने में सफल रहती है तो उनको कप्तानी भी मिल सकती है। इस दिग्गज ओपनर ने आईपीएल में 69 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 35 मैच उन्होंने जीते हैं तो 32 में टीम को हार मिली है। वॉर्नर ने अपनी कप्तानी में एक टाइटल भी जीता है।
वॉर्नर साल 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान थे, और यह सीजन हैदराबाद ने अपने नाम किया था। फाइनल में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराया था। वहीं, वॉर्नर के बतौर कप्तान आंकड़े भी कमाल के हैं। उन्होंने कप्तान के तौर पर 47.33 की औसत से 2840 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 142.28 का रहा है।
बेन स्टोक्स भी दौड़ में शामिल
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने भी आईपीएल 2027 के लिए खुद को रजिस्टर किया है। स्टोक्स ने आईपीएल में आखिरी सीजन साल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेला था।
हालांकि, ऑक्शन में बेन स्टोक्स के आने से केकेआर की आंखें जरूर चमक गई होंगी, क्योंकि स्टोक्स न सिर्फ एक शानदार ऑलराउंडर हैं, बल्कि उनके पास इंटरनेशनल और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कप्तानी करने का अनुभव भी है।
आपको बता दें कि, केकेआर के पास आईपीएल 2027 ऑक्शन में खरीदारी करने के लिए कुल 41.65 करोड़ रुपये का पर्स मौजूद होगा। ऐसे में वह इन दोनों में से किसी एक के पीछे जा सकती है।
ये भी पढ़ें- IPL 2027 नीलामी में उतरेंगे अंडर-19 के दो बड़े हीरो, कप्तान ने बनाई दूरी; विदेशी खिलाड़ियों ने रखी ये शर्त!