Most Wickets in First-Class Cricket as Indian: क्रिकेट का फॉर्मेट चाहे जो भी हो, लेकिन उसमें 1500 से अधिक विकेट लेना काफी बड़ी उपलब्धि माना जाता है। आज तक भारत के सिर्फ एक गेंदबाज ने यह मुकाम हासिल किया है। हालांकि, उन्होंने यह उपलब्धि इंटरनेशनल क्रिकेट में नहीं, बल्कि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हासिल की है।

इस गेंदबाज ने 1961/62 से 1980/81 के बीच प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेला और 1,560 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। विकेट चटकाने के साथ ही इस गेंदबाज ने बल्ले से 3,584 रन भी बनाए हैं, जिसमें 7 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। चलिए आपको बताते हैं कौन हैं ये धाकड़ गेंदबाज, जिसने यह अद्भुत कीर्तिमान को अपने नाम पर स्थापित किया है।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में रचा इतिहास

हम जिस गेंदबाज की बात कर रहे हैं वह कोई और नहीं बल्कि बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज बिशन सिंह बेदी हैं। बेदी का नाम भारत के सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों में लिया जाता है, जिन्होंने अपनी स्पिन की फिरकी में कई धुरंधर बल्लेबाजों को फंसाया था।

बिशन सिंह बेदी को भारत के लिए सिर्फ 67 टेस्ट मैच खेलने का मौका मिला, लेकिन फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने विकेटों की झड़ी लगा दी। फिरकी गेंदबाज ने दिल्ली, नॉर्थहैम्पटनशायर और उत्तरी पंजाब के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेला था, जिसमें उन्होंने यह महान उपलब्धि हासिल की।

1,560 विकेट लेकर मचाई खलबली

खब्बू गेंदबाज बिशन सिंह बेदी की घातक गेंदबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 370 प्रथम श्रेणी मैचों में 21.69 की शानदार औसत से 1,560 विकेट चटकाए थे। इस दौरान उन्होंने 106 बार पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लिए थे तो 20 बार मैच में 10 या उससे अधिक विकेट लिए थे।

इस दौरान पारी उनका बेस्ट प्रदर्शन 5 रन देकर 7 विकेट था। बिशन फर्स्ट क्लास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारत के पहले गेंदबाज हैं। आज तक कोई भी भारतीय गेंदबाज उनके इस बेहतरीन रिकॉर्ड के आस-पास भी नहीं पहुंच पाया है।

भारत के लिए खेले 67 टेस्ट

बिशन सिंह बेदी ने भारत के लिए 31 दिसंबर 1966 में वेस्टइंडीज के खिलाफ इंटरनेशनल टेस्ट डेब्यू किया था। वहीं, 30 अगस्त 1979 में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट खेला था। इस बीच उन्होंने भारतीय टीम के लिए लाल गेंद से कुल 67 टेस्ट खेले, जिसकी 118 पारियों में उन्होंने 266 बल्लेबाजों का शिकार किया था।

इस दौरान उन्होंने पारी में 14 बार पांच या इससे अधिक विकेट लिए थे तो 1 बार मैच में 10 या उससे अधिक बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया था। टेस्ट के अलावा भारत के लिए खेले 10 वनडे मैचों में उनके नाम 7 विकेट दर्ज है।

ये भी पढ़ें- यूपी के इस शहर में बन रहा है नया क्रिकेट स्टेडियम, 350 करोड़ रुपये में होगा तैयार, 95 प्रतिशत काम हुआ पूरा