ODI World Cup 2027: भारतीय टी20 टीम के युवा उप कप्तान तिलक वर्मा की अब एकदिवसीय टीम में भी एंट्री हो सकती है। अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 (ODI World Cup 2027) को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया जा सकता है।
तिलक ने भारत के लिए अभी तक सिर्फ 5 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने सिर्फ 68 रन बनाए हैं। लेकिन, टी20 प्रारूप में तिलक ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और उसी को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने उनको अर्लट मोड पर रहने को कहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनको वनडे टीम के उप कप्तान श्रेयस अय्यर के बैक-अप प्लेयर के तौर पर तैयार रहने को कहा गया है।
टीम इंडिया में दाएं हाथ के ज्यादा खिलाड़ी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम के शीर्ष पांच बल्लेबाजों को देखे तो इसमें अधिकांश दाएं हाथ के बल्लेबाज शामिल हैं। रोहित शर्मा, कप्तान शुभमन गिल, विराट कोहली, उप कप्तान श्रेयस अय्यर और केएल राहुल दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और ये खिलाड़ी आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2027 (ODI World Cup 2027) का अहम हिस्सा बन सकते हैं।
इसी एकरसता को तोड़ने के लिए तिलक वर्मा, जो कि बाएं हाथ से बल्लेबाजी और दाएं हाथ से ऑफ स्पिनर गेंदबाजी करते हैं उनको तैयार रहने के लिए बोला गया है। उनको श्रेयस अय्यर के बैक-अप के तौर पर देखा जा रहा है। टीम मैनेजमेंट ने शीर्ष क्रम में गेंदबाजी विकल्पों की कमी को निचले क्रम और गेंदबाजों पर अतिरिक्त दबाव का कारण बताया है।
अक्टूबर से शुरू होगी विश्व कप की योजना
अक्टूबर 2026 में जब भारतीय टीम न्यूजीलैंड पहुंचेगी, तब वनडे वर्ल्ड कप 2027 की योजना को शुरू किया जाएगा। हालांकि, इससे पहले भारत को 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाड़ी तीन मैच की वनडे सीरीज खेलनी है, लेकिन इसमें मुख्य खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होंगे।
बीसीसीआई ने जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए मजबूत टी20 टीम का चयन किया है, जिसके चलते वेस्टइंडीज वनडे सीरीज में अधिक खिलाड़ियों को मौका नहीं मिलेगा, जो वनडे वर्ल्ड कप 2027 के प्लान का हिस्सा हैं।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, "मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल को लगता है कि मध्य क्रम के लिए कोई बैकअप तैयार नहीं है। हार्दिक पांड्या और नीतीश कुमार रेड्डी के चोटिल होने की आशंका को देखते हुए, वे शीर्ष क्रम में ऐसे खिलाड़ी को चाहते हैं जो कम से कम वनडे में चार ओवर गेंदबाजी कर सके।"
विराट-रोहित चोटें बढ़ा रही हैं चिंता-सूत्र
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली भी वनडे वर्ल्ड कप 2027 (ODI World Cup 2027) के प्लान का हिस्सा हैं। दोनों दिग्गजों ने बल्ले से काफी प्रभावित किया है और उनके इसी फॉर्म और इंटरनेशनल मैचों में अनुभव को देखते हुए चयन समिति इनको भी आईसीसी प्रतियोगिता में मौका दे सकती है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया,
"टीम को विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों के लिए तैयार रहना होगा। अय्यर ऑस्ट्रेलिया में चोटिल हो गए थे और हाल ही में तेज और उछाल भरी गेंदबाजी के खिलाफ उनका खेल परखा नहीं गया है। टीम में पहले से ही रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दो उम्रदराज खिलाड़ी हैं। उन्हें भी कुछ छोटी-मोटी चोटें हैं। विश्व कप तक केएल राहुल भी 35 साल से अधिक उम्र के हो जाएंगे। रवींद्र जडेजा की टीम में उपलब्धता भी निश्चित नहीं है। खिलाड़ियों की फिटनेस समस्याओं के कारण टीम की फील्डिंग प्रभावित हुई है। टीम प्रबंधन को लगता है कि उन्हें युवा बैकअप खिलाड़ियों की जरूरत है।"
ये भी पढ़ें- यूपी के इस शहर में बन रहा है नया क्रिकेट स्टेडियम, 350 करोड़ रुपये में होगा तैयार, 95 प्रतिशत काम हुआ पूरा