UP Ration Dealer News: उत्तर प्रदेश के 78 हजार से अधिक राशन कोटेदारों के लिए सोमवार यानी 17 अगस्त का दिन खास होने जा रहा है। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने और उचित दर विक्रेताओं की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। सरकार राशन कोटेदारों को मिलने वाले कमीशन को 90 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल करने जा रही है।
कमीशन में प्रति कुंतल 35 रुपये की बढ़ोतरी से प्रदेश के हजारों कोटेदारों को बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक राहत मिलेगी। इसके लिए सरकार ने अपने वार्षिक लाभांश बजट में भी आवश्यक बढ़ोतरी की है।
ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली की शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित ‘उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली’ का शुभारंभ करेंगे। खाद्य एवं रसद विभाग ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नई व्यवस्था के तहत सरकारी गोदामों से राशन सीधे उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों तक पहुंचाया जाएगा। इससे बीच के बिचौलियों की भूमिका कम होगी और राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।
कालाबाजारी और घटतौली पर लगेगी लगाम
ई-पॉस मशीनों के जरिए डिजिटल फीडबैक दर्ज किया जाएगा। इससे राशन वितरण से जुड़ी शिकायतों की निगरानी बेहतर तरीके से हो सकेगी। सरकार का उद्देश्य घटतौली और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाना है, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर उनका पूरा राशन मिल सके। सरकार के इस फैसले को प्रदेश के राशन कोटेदारों के लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
और पढ़ें: PM मोदी के भाषण पर NCP शरद पवार गुट का हमला, नसीम सिद्दी ने कहा- हिंदू-मुस्लिम मुद्दों से
Written by Shailesh Yadav