Yamuna City: जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के साथ ही यमुना सिटी की तस्वीर तेजी से बदल रही है। शहर के सेक्टर-17ए और सेक्टर-22ई को बड़े शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इन दोनों सेक्टरों में जल्द ही कई बड़े विश्वविद्यालय और शिक्षण संस्थान खुलने जा रहे हैं। तीन विश्वविद्यालयों का निर्माण कार्य पहले से चल रहा है, जबकि चार नए विश्वविद्यालयों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इन विश्वविद्यालयों का चल रहा निर्माण
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुताबिक, सेक्टर-17 में गलगोटिया विश्वविद्यालय और नोएडा इंटरनेशनल विश्वविद्यालय पहले से संचालित हैं। इसके अलावा निम्स मेडिकल कॉलेज भी यहां चल रहा है। भूमि आवंटन के बाद तीन नए विश्वविद्यालयों ने नक्शा पास कराकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। सेक्टर-22ई में जेबीएम विश्वविद्यालय का निर्माण जारी है, जिसके दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।

इसी सेक्टर में नरसी मोंजी संस्थान ने भी नक्शा पास कराने के बाद निर्माण शुरू कर दिया है। यह संस्थान पहली बार महाराष्ट्र से बाहर अपना कैंपस स्थापित कर रहा है और यमुना सिटी में करीब 35 एकड़ में कैंपस विकसित करेगा। वहीं, सेक्टर-17ए में जीएल बजाज विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य चल रहा है।

चार विश्वविद्यालयों के लिए जल्द मिलेगी जमीन
यमुना सिटी में एमिटी विश्वविद्यालय, लॉयड, बाबू बनारसी दास और महात्मा गांधी विश्वविद्यालय के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। प्राधिकरण जल्द ही इन संस्थानों को जमीन उपलब्ध कराने की तैयारी में है। इस तरह आने वाले समय में यमुना सिटी का यह क्षेत्र उच्च शिक्षा के बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है।

कई बड़े संस्थानों ने भी मांगी जमीन
यमुना सिटी में देश-विदेश के कई बड़े शिक्षण संस्थान भी कैंपस स्थापित करने में रुचि दिखा रहे हैं। सेविता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज ने 250 एकड़ जमीन की मांग की है। संस्थान करीब 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना में है। इसके अलावा एमडीआई गुरुग्राम ने 50 एकड़ जमीन मांगी है। लिंक यूनिवर्सिटी कॉलेज मलेशिया ने 100 एकड़ और अमेरिकन लीडरशिप एकेडमी ने भी 100 एकड़ जमीन की मांग की है। अमेरिकन लीडरशिप एकेडमी करीब 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। शारदा एजुकेशनल ट्रस्ट ने 10 अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के कैंपस खोलने के लिए जमीन की मांग की है।

यमुना सिटी में बनेगा एआई पार्क
शिक्षा के साथ यमुना सिटी में नई तकनीक और क्रिएटिव इंडस्ट्री को भी बढ़ावा देने की तैयारी है। यहां एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग एंड कॉमिक्स (AVGC) के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी गतिविधियों के लिए एआई पार्क विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस परियोजना को मंजूरी दे चुके हैं। प्राधिकरण का मानना है कि इससे युवाओं को शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

यीडा के सीईओ ने क्या बताया?
यीडा के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि इस साल शहर में विश्वविद्यालय शुरू करने पर जोर दिया जा रहा है। जीएल बजाज विश्वविद्यालय का काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही देश-विदेश के बड़े विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को जमीन देने की प्रक्रिया भी चल रही है। 

और पढ़ें: यूपी को मिली बड़ी सौगात! आगरा-लखनऊ और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा लिंक एक्सप्रेसवे, 70% भूमि अधिग्रहण

Written by Shailesh Yadav