PM Modi on Women Quota: पीएम मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि संसद में हालिया घटनाक्रम देश की महिलाओं के सम्मान पर सीधी चोट है। राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नारी सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती। उन्होंने विपक्ष के व्यवहार को केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि नारी शक्ति के स्वाभिमान को कुचलने की कोशिश बताया।
'बिल का विरोध, विपक्ष की मानसिकता को दर्शाती है'
प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण बिल पर हुई प्रतिक्रिया महज विरोध नहीं थी, बल्कि यह उस मानसिकता को दर्शाती है जो महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखना चाहती है। उन्होंने इसे 'पाप' बताते हुए कहा कि इसकी सजा लोकतांत्रिक तरीके से जरूर मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जब विपक्षी नेता जनता के बीच जाएंगे, तो देश की महिलाएं उन्हें उनके रवैये के लिए जवाब देंगी।
'बिल का विरोध करके विपक्ष ने खुद को बेनकाब किया'
इस मुद्दे पर कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि यह दल ऐतिहासिक रूप से महिला सशक्तिकरण के खिलाफ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा प्रक्रिया, आंकड़ों और बहानों के जरिए महिलाओं के अधिकारों को टालने की कोशिश की है। उनके अनुसार, महिला आरक्षण बिल का विरोध करके विपक्ष ने खुद को बेनकाब कर लिया है।
देश की महिलाएं जागरूक और सशक्त हैं: PM
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि देश की महिलाएं अब पहले से ज्यादा जागरूक और सशक्त हैं। वे अपने अधिकारों को लेकर सजग हैं और किसी भी तरह के भ्रम या झूठे प्रचार में आने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह नया भारत है, जहां नारी शक्ति अपनी पहचान और अधिकारों के लिए खड़ी है और किसी भी बाधा को स्वीकार नहीं करेगी।
'झूठ और षड्यंत्र' का सहारा लेती है विपक्ष'
पीएम मोदी ने विपक्ष पर 'झूठ और षड्यंत्र' का सहारा लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण को रोकने की हर कोशिश अब असफल होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की महिलाएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए ऐसे व्यवहार का जवाब देंगी और अपने अधिकारों की रक्षा करेंगी।
Writen By: Geeta Sharma