Mumbai Pune Hyderabad Bullet Train: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के बाद अब देश के एक और बड़े हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की कवायद तेज हो गई है। मुंबई-पुणे-हैदराबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को लेकर नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने लिडार (LiDAR) सर्वे पूरा कर डीपीआर तैयार कर ली है। इस कॉरिडोर को देश के सात प्राथमिकता वाले हाईस्पीड रेल रूट में शामिल किया गया है।
प्रस्तावित कॉरिडोर महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना से होकर गुजरेगा और मुंबई, पुणे तथा हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों को हाईस्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ेगा। इसकी लंबाई अलग-अलग प्रारंभिक आकलनों के अनुसार करीब 711 से 767 किलोमीटर हो सकती है।
मुंबई से हैदराबाद का सफर 4 घंटे से कम
मुंबई-पुणे-हैदराबाद बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद मुंबई से हैदराबाद की यात्रा में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। वर्तमान में सड़क और रेल से लगने वाले लंबे समय की तुलना में हाईस्पीड ट्रेन से यह सफर 4 घंटे से कम में पूरा करने का लक्ष्य है। प्रारंभिक डीपीआर के मुताबिक परियोजना की अनुमानित लागत करीब 1.5 से 2 लाख करोड़ रुपये तक हो सकती है। राज्यों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को लेकर भी कवायद जारी है।
मुंबई-पुणे की दूरी सिर्फ 1 घंटे में
इस कॉरिडोर का मुंबई-पुणे सेक्शन करीब 150 से 180 किलोमीटर लंबा हो सकता है। बुलेट ट्रेन से मुंबई और पुणे के बीच सफर का समय करीब एक घंटे तक रह सकता है। मुंबई के बड़े कारोबारी केंद्र और पुणे के शिक्षा एवं आईटी हब को हाईस्पीड रेल से जोड़ने से दोनों शहरों के बीच रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों और कारोबारियों को बड़ी राहत मिल सकती है।
ये स्टेशन हो सकते हैं शामिल
1. मुंबई/बीकेसी
2. नवी मुंबई
3. लोनावला
4. पिंपरी-चिंचवाड़
5. पुणे
6. बारामती
7. पंढरपुर
8. सोलापुर
9. कलबुर्गी
10. विकराबाद
11. हैदराबाद
पुणे से हैदराबाद के बीच कॉरिडोर करीब 560 से 590 किलोमीटर लंबा होने का प्रारंभिक अनुमान है। इस सेक्शन में पुणे, सोलापुर, कलबुर्गी और विकराबाद जैसे प्रमुख पड़ाव शामिल हो सकते हैं।
एयरपोर्ट और इंडस्ट्रियल हब भी जुड़ेंगे
मुंबई-पुणे-हैदराबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है। इसके अलावा सोलापुर और कलबुर्गी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को हाईस्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ने से निवेश, कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन भी रफ्तार में
इसी बीच देश की पहली मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के पहले चरण में सूरत से विलिमोरा के बीच सेवा शुरू करने की योजना है। परियोजना के तहत करीब 453 किलोमीटर रूट पर पियर (खंभों) का निर्माण पूरा होने की जानकारी है, जबकि करीब 359 किलोमीटर वायडक्ट का काम भी पूरा हो चुका है। इसके अलावा 17 नदियों पर पुल और 15 स्टील ब्रिज तैयार किए जा चुके हैं। सुरंग निर्माण का काम भी जारी है।
अगर मुंबई-पुणे-हैदराबाद कॉरिडोर को मंजूरी और जरूरी प्रक्रियाओं के बाद धरातल पर उतारा जाता है, तो यह देश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्से के बीच हाईस्पीड कनेक्टिविटी का बड़ा नेटवर्क तैयार कर सकता है।
और पढ़ें: