Delhi Lakshmi Yojana: रक्षा बंधन से पहले दिल्ली सरकार राजधानी की महिलाओं को बड़ा तोहफा देने जा रही है। दिल्ली लक्ष्मी योजना की शुरुआत 26 अगस्त से होगी। सीएम रेखा गुप्ता बुधवार को तालकटोरा स्टेडियम में कुछ लाभार्थी महिलाओं को सर्टिफिकेट देकर योजना का शुभारंभ करेंगी। हालांकि योजना की पहली राशि लाभार्थियों के खातों से जुड़ी प्रक्रिया के तहत 1 सितंबर से उपलब्ध होने की बात कही गई है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये का लाभ मिलेगा। सरकार ने इसके लिए 5,110 करोड़ रुपये का बजट रखा है। योजना से 17 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने का दावा किया गया है।

सीधे खाते में नहीं आएंगे पूरे 2,500 रुपये
लक्ष्मी योजना की खास बात यह है कि हर महीने मिलने वाली 2,500 रुपये की पूरी राशि सीधे खर्च करने के लिए बैंक खाते में नहीं आएगी। सरकार के विकल्पों के मुताबिक, 1,500 रुपये आरडी या एफडी के रूप में जमा किए जाएंगे, जबकि 1,000 रुपये CBDC वॉलेट के जरिए डिजिटल खर्च के लिए दिए जाएंगे। पहले विकल्प में 1,500 रुपये की आरडी/एफडी को 31 जुलाई 2029 तक लॉक-इन रखा जाएगा। वहीं, महिलाओं के पास दूसरा विकल्प भी होगा, जिसमें वे चाहें तो पूरी 2,500 रुपये की राशि आरडी/एफडी में जमा करवा सकती हैं।

किसे मिलेगा योजना का लाभ?
महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये तक होनी चाहिए।
एक परिवार की सबसे बड़ी पात्र महिला को योजना का लाभ मिलेगा।
सरकार के मुताबिक, 17 लाख से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सकता है।

तीन साल के लिए लागू होगी योजना
दिल्ली सरकार के मुताबिक, लक्ष्मी योजना फिलहाल तीन साल के लिए लागू की गई है। एफडी/आरडी के जरिए राशि जमा करने का उद्देश्य महिलाओं को तत्काल आर्थिक सहायता के साथ भविष्य के लिए बचत का विकल्प देना बताया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि घोषणा पत्र में किया गया वादा अब दिल्ली की लाखों महिलाओं के जीवन का हिस्सा बनने जा रहा है। उन्होंने इसे महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने और परिवार के बजट को राहत देने की दिशा में कदम बताया।

महिलाओं को मिलेगा बचत का भी फायदा
योजना के तहत हर महीने राशि का एक हिस्सा बचत के तौर पर जमा होने से महिलाओं के पास भविष्य के लिए एकमुश्त रकम तैयार होगी। सरकार का दावा है कि इससे महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और अपने फैसले खुद लेने की क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। यानी लक्ष्मी योजना में हर महीने 2,500 रुपये का लाभ तो मिलेगा, लेकिन इसका पूरा पैसा तत्काल खर्च करने के लिए उपलब्ध नहीं होगा। 1,500 रुपये की राशि बचत के तौर पर लॉक रहेगी और 1,000 रुपये डिजिटल खर्च के लिए उपलब्ध होंगे। 

और पढ़ें: दिल्ली में बढ़ा H1N1 का कहर? 2,308 केस सामने आने के बाद CM रेखा गुप्ता ने बुलाई आपात बैठक