अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते है। इसकी जानकारी अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को दी है। उन्होंने ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मज़बूत रिश्ते को शानदार बताया। बता दें, मीडिया से बात करते हुए रुबियो ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राष्ट्रपति की यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए वे इस साल के अंत से पहले भारत की यात्रा करेंगे। रुबियो ने कहा, पीएम मोदी के साथ ट्रंप के संबंध बहुत अच्छे हैं।

अगले साल की शुरुआत में भारत आएंगे ट्रंप: रूबियो

रूबियो ने आगे बताया कि हम इस दिशा में काम कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि अगले साल की शुरुआत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत आएंगे। भारत, अमेरिका का बहुत करीबी पार्टनर और सहयोगी है, और प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच संबंध इससे बेहतर नहीं हो सकते,मुझे लगता है कि दोनों देशों के बीच की कूटनीति में यह बहुत अहम है।

'ट्रंप की भारत की पहली यात्रा'

रुबियो के अनुसार अगर ट्रंप का यह भारत दौरा होता है, तो यह फरवरी 2020 के बाद और ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के लिए व्हाइट हाउस लौटने के बाद ट्रंप की भारत की पहली यात्रा होगी। बता दें, इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी की पिछली मुलाकात फ्रांस के एवियन में G7 समिट के दौरान हुई थी, जो 16 महीनों में उनकी पहली द्विपक्षीय बैठक थी।

ट्रंप के दौरे से भारत-अमेरिका के रिश्तों पर पड़ेगा असर?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह भारत दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत चल रही है। इस बारे में अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि यह पूरा होने के करीब है। आगे उन्होंने कहा कि सब कुछ बहुत बढ़िया चल रहा है। G7 में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के बीच बहुत अच्छी बैठक हुई थी। साथ ही हम एक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की उम्मीद कर रहे हैं।

 Written By: Geeta Sharma