उत्तर भारत और देश के कई हिस्सों में आज मौसम काफी बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने 19 राज्यों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश शामिल हैं।
कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
आज कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। हवा की रफ्तार कुछ जगहों पर 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने और खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
किसानों और मछुआरों को किया गया सतर्क
बारिश से जहां एक तरफ भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ जनजीवन पर इसका असर भी देखने को मिल सकता है। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। खासतौर पर नदी और बांध के किनारे रहने वाले लोगों, किसानों और मछुआरों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
पहाड़ी क्षेत्रों में स्थिति अधिक संवेदनशील
पहाड़ी क्षेत्रों जैसे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में स्थिति अधिक संवेदनशील है। यहां तेज बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों को घर से निकलने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
जानिए इन राज्यों के भी हाल
दिल्ली में आज सुबह से हल्की बारिश हो रही है और दिनभर आंधी-बारिश की संभावना बनी हुई है। जयपुर में सुबह से बादल छाए रहेंगे और शाम तक मौसम खराब हो सकता है। देहरादून में तेज बारिश के साथ ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। आगरा में भी तेज हवाओं और बारिश का अनुमान है, जहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
बेंगलुरु में भी छाए रहेंगे बादल
बेंगलुरु में भी आज बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र में मौसम अलग-अलग रूप में नजर आएगा। कुछ इलाकों में गर्मी तो कुछ जगहों पर बारिश देखने को मिल सकती है।
Written By Toshi Shah