देश के कई हिस्सों में आज यानी 9 मई को मौसम अचानक करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार सहित करीब 13 राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं। खासतौर पर पूर्वी भारत के राज्यों में मौसम ज्यादा खराब रहने का अनुमान है, जहां बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा की योजना बना रहे लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिक ने कही ये बात
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के आसपास ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर भी निचले स्तर पर चक्रवाती गतिविधियां देखी जा रही हैं। ऐसे हालात में किसानों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-यूपी में तेज धूप के आसार
दिल्ली में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन तेज गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। राजधानी में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में शाम के समय गरज-चमक, बिजली और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
जानें इन राज्यों के हाल
हिमाचल प्रदेश में 11, 13 और 14 मई को, जबकि उत्तराखंड में 11 से 13 मई तक मौसम बिगड़ सकता है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 11 से 14 मई के बीच आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 से 14 मई तक बारिश और तेज हवाओं का असर दिखाई देगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के पहाड़ी इलाकों में 11 और 12 मई को 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वी भारत में मौसम का असर
पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मध्य भारत में अलर्ट
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तेज आंधी, बिजली और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि की भी आशंका है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा। कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी भी जारी की गई है।
पश्चिम भारत का हाल
महाराष्ट्र में अगले दो दिनों तक कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम
तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, लक्षद्वीप और कर्नाटक के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। तटीय आंध्र प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने के संकेत हैं।
Written By Toshi Shah