देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 से 4 मई के बीच उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत के करीब 15 राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 70–75 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। आज यानी शनिवार को बिहार, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड, तमिलनाडु और केरल में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 4 मई को उत्तर प्रदेश और दिल्ली में खास तौर पर तेज बारिश और आंधी का खतरा बताया गया है।

जानिए दिल्ली के हाल

राजधानी दिल्ली में 4 और 5 मई को जोरदार बारिश के साथ 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल यहां तापमान दिन में लगभग 37°C और रात में 26°C के आसपास रहने का अनुमान है।

यूपी के मौसम के हाल

उत्तर प्रदेश के कई जिलों—जैसे बुलंदशहर, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, वाराणसी और गाजीपुर—में 4 मई को भारी बारिश और तूफान की चेतावनी है। लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 24°C रहने की संभावना है।

बिहार में ऐसे रहेंगे मौसम

बिहार में भी मौसम खराब रहने वाला है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। पटना में आज तापमान 31°C से 23°C के बीच रह सकता है।

इन राज्यों में मौसम के हाल

राजस्थान के सीकर, बाड़मेर, चूरू, जोधपुर और हनुमानगढ़ में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि जयपुर में तापमान 40°C तक जा सकता है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़, नैनीताल, चमोली और हरिद्वार जैसे जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

 

Written By Toshi Shah