देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 16 मई को उत्तर प्रदेश, बिहार सहित करीब 15 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। कई राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा की योजना बना रहे लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव के कारण मौसम तेजी से बदल रहा है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका असर उत्तर और पूर्व भारत के कई राज्यों में दिखाई देगा।
दिल्ली का मौसम
16 मई की शाम राजधानी दिल्ली में बादल छाने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तर प्रदेश और बिहार के मौसम का हाल
राज्य के आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, आजमगढ़, बलिया, कौशांबी, फतेहपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, बिहार के गया, पटना, पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सिवान, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, मुंगेर, बांका, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार और अररिया सहित कई जिलों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी दी गई है। यहां तेज हवाएं 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का मौसम
बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, नैनीताल और हरिद्वार में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी की चेतावनी जारी की है। देहरादून का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, चंबा, मंडी, ऊना, बिलासपुर, सोलन और शिमला में तेज बारिश और तूफान का असर देखने को मिल सकता है। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मनाली में तापमान काफी नीचे रहने का अनुमान है।
पंजाब और राजस्थान का मौसम
अमृतसर, मोहाली, बठिंडा, मनसा, कपूरथला, मोगा और लुधियाना में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, राजस्थान के अलवर, बाड़मेर, धौलपुर, जोधपुर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर और हनुमानगढ़ में बारिश और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मध्य प्रदेश का मौसम
राज्य के धार, विदिशा, रायसेन, बालाघाट, गुना, रीवा, देवास, सिंगरौली और सीधी समेत कई जिलों में लू का असर जारी रहने की संभावना है। तेज गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Written By Toshi Shah