Weather Update 13 August 2026: देश के कई हिस्सों में मॉनसून अभी भी सक्रिय बना हुआ है। दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और पश्चिम बंगाल तक बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 13 अगस्त के लिए कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में कुछ राज्यों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 13 अगस्त को मौसम सुहावना बना रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रह सकता है। हवा में नमी का स्तर भी ज्यादा रहने की संभावना है, जिससे उमस महसूस हो सकती है।14 अगस्त को भी दिल्ली-NCR में हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।
यूपी में कई जगह तेज बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में मॉनसून लगातार सक्रिय है। मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है।13 और 14 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, 14 से 17 अगस्त के बीच राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
बिहार में भी बारिश का अलर्ट
बिहार में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 12 और 13 अगस्त को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके बाद 14 से 18 अगस्त के बीच राज्य के बड़े हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है।
बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी
पश्चिम बंगाल में भी मॉनसून का असर दिखाई दे रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया और पश्चिम बर्दवान में भारी बारिश हो सकती है।उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कूचबिहार जैसे इलाकों में भी तेज बारिश हो सकती है।
राजस्थान में भी सक्रिय रहेगा मॉनसून
राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। हालांकि 14 अगस्त के बाद राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है।
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, झारखंड, सिक्किम और अंडमान-निकोबार में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
Written By: Shivashakti Narayan Singh