Heatwave Alert IMD: दिल्ली, यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। तेज धूप और दिनभर चलने वाली लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है, जिससे दिन ही नहीं बल्कि रात में भी राहत नहीं मिल रही। एसी और कूलर भी लंबे समय तक बेअसर साबित हो रहे हैं।

दिल्ली से पंजाब-हरियाणा तक गर्म हवाओं का कहर

राजधानी दिल्ली में आज से 24 अप्रैल तक लू लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाली है। आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री से ऊपर रहेगा। मौसम साफ रहेगा और दिन के समय लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 22 अप्रैल से 26 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 42 डिग्री के करीब बना रहेगा, वहीं रात का तापमान बढ़कर 26 डिग्री तक पहुंच सकता है। फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं।

पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। पंजाब में आज से 24 अप्रैल तक हीटवेव का येलो अलर्ट जारी है, जबकि हरियाणा में भी ऐसे ही हालात बने रहेंगे। साफ है कि दिल्ली से लेकर चंडीगढ़ तक लोगों को तेज गर्म हवाओं और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

Latest and Breaking News on NDTV

असम में अगले कुछ दिन तेज बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने असम में अगले दो से तीन दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग ने राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने को लेकर चेतावनी जारी की है। गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर सक्रिय एक अन्य मौसम प्रणाली के कारण यह स्थिति बनी हुई है। इन दोनों सिस्टम्स की वजह से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

यूपी से राजस्थान तक गर्मी का कहर जारी

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक भीषण लू चलने और तापमान ऊंचा बने रहने की संभावना है। लोगों को अगले कुछ दिनों तक तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं राजस्थान में भी गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को राज्य में सबसे ज्यादा तापमान कोटा में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में पारा 41.8 डिग्री रहा, जबकि अलवर और चित्तौड़गढ़ में तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फलौदी में 41.2 डिग्री, जैसलमेर में 41.1 डिग्री और बीकानेर में 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

इसके अलावा चूरू और श्रीगंगानगर में तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, क्योंकि राज्य में गर्मी लगातार तेज होती जा रही है।

Written By - Namita Verma