देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल गया है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है। खासतौर पर पूर्वी भारत में भारी बारिश और तूफानी गतिविधियां लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।

दिल्ली के हाल

दिल्ली-एनसीआर में 6 से 10 मई के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। 5 मई की रात हुई बारिश से गर्मी से राहत मिली, लेकिन 6 मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश की संभावना है। 7 से 10 मई के बीच तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

यूपी में कैसे रहेंगे मौसम

उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों में कई जगहों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। लखनऊ समेत कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। पूर्वी यूपी में तेज हवाएं 60 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा है।

 मध्य प्रदेश में मौसम रहेंगे खराब

मध्य प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 10 मई के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है।

हिमाचल प्रदेश के हाल

हिमाचल प्रदेश के मंडी, सोलन, सिरमौर, ऊना, किन्नौर, शिमला, कांगड़ा, चंबा और हमीरपुर में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। 6 मई को मनाली में अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

 

 

Written By Toshi Shah