IMD Weather Forecast: अप्रैल अभी आधा ही बीता है, लेकिन गर्मी ने तेज असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सुबह से गर्म हवाएं चल रही हैं और दोपहर तक सड़कें खाली नजर आ रही हैं। दिल्ली से बिहार तक लोग गर्मी और पसीने से परेशान हैं और राहत का इंतजार कर रहे हैं।
इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बड़ा अपडेट दिया है। एक ओर तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच रहा है, तो दूसरी ओर देश के 15 राज्यों में आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम का यह बदला रूप कहीं परेशानी तो कहीं राहत ला सकता है। आइए जानते हैं आज आपके शहर का मौसम कैसा रहेगा।
15 राज्यों में तूफानी बारिश का बड़ा अलर्ट
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है। अगले कुछ घंटों में 15 राज्यों में धूलभरी आंधी, तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना है। बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने का खतरा भी बताया है।
यूपी-बिहार में लू का असर जारी
एक तरफ बारिश का अलर्ट है, तो दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रयागराज में तापमान 44.6 डिग्री और वाराणसी में 44.2 डिग्री तक पहुंच गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बिहार के कई इलाकों में हीटस्ट्रोक का खतरा भी बना हुआ है।
दिल्ली-NCR में उमस से परेशानी
दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में गर्मी और उमस ने लोगों का हाल खराब कर दिया है। तापमान 39 से 41 डिग्री के बीच बना हुआ है। सुबह हल्की ठंडी हवा चलती है, लेकिन दिन चढ़ते ही गर्म हवाएं शुरू हो जाती हैं। अगले एक-दो दिन तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
पहाड़ों पर ठंड, मैदानों में गर्मी
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। शिमला का मौसम सुहावना बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रात के समय अभी भी ठंड महसूस की जा रही है। वहीं मैदानी इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है।
Written By - Namita Verma