Saurabh Bhardwaj: आप के नेता सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से बातचीत के दौरान बड़ा बयान दिया है। अपने बयान मेंम सरौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि कल्याणपुरी में MCD के एक सफाई कर्मचारी की कथित हत्या के विरोध-प्रदर्शन के दौरान, पार्टी के MLA कुलदीप कुमार को सुबह-सुबह उनके घर से अगवा कर लिया गया । इस दावे से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट

 आप नेता सौरभ भरद्वाज ने एक पोस्ट शेयर करते हुए ये आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में दिल्ली से आए करीब 20 लोग सुबह 4 बजे के आसपास पहुंचे और कुलदीप कुमार को किसी अज्ञात जगह ले गए।
आगे भारद्वाज ने कहा कि AAP MLA सफाई कर्मचारियों की मांगें उठा रहे थे, जिसमें मृतक कर्मचारी के परिवार को मुआवज़ा देना भी शामिल था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिलना चाहते थे, लेकिन उनसे मिलने के बजाय MLA को ही ले जाया गया।

पुलिस पर आप नेता सौरभ भारद्वाज ने लगाए गंभीर आरोप

वहीं अन्य पोस्ट में, भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली AAP के उपाध्यक्ष और विधायक संजीव झा, कुलदीप कुमार का पता लगाने के लिए पूर्वी दिल्ली के DCP के ऑफ़िस जा रहे थे। AAP का आरोप है कि पुलिस मृतक सफ़ाई कर्मचारी का अंतिम संस्कार भी जबरदस्ती करवा रही थी। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद से सफ़ाई कर्मचारी 2 दिनों से विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। साथ ही पीड़ित परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग कर रहे थे। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस मृतक के शव को अस्पताल से परिवार के घर ले आई और तुरंत अंतिम संस्कार करने की धमकी दे रही थी।

कुलदीप कुमार की टीम का बयान

मिली जानकारी के अनुसार फेसबुक पोस्ट में, कुलदीप कुमार की टीम ने कहा कि समर्थकों को तब तक विरोध जारी रखना चाहिए जब तक अनिल को न्याय नहीं मिल जाता। साथ ही लोगों से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचने की अपील की। ​​पोस्ट में आरोप लगाया गया कि सुबह करीब 4 बजे 30 से 40 लोग कुमार के घर पहुंचे, उन्हें साथ ले गए और घर के बाहर लगे CCTV कैमरे का DVR निकाल लिया। टीम ने कहा कि यह पता नहीं चल पाया है कि MLA को ले जाने वाले लोग दिल्ली पुलिस के कर्मचारी थे या कोई और, और दावा किया कि अभी उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

क्या है पूरा मामला?

बता दें, यह पूरा मामला दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके का है। 16 अगस्त को कल्याणपुरी इलाके में MCD के सफाई कर्मचारी 27 वर्षीय अनिल कुमार की कथित हत्या के बाद हुई है। अनिल अपनी सफाई का काम कर रहे थे, तभी उन पर चाकू से हमला किया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि चाकू मारने की घटना CCTV फुटेज में कैद हो गई है और जांच करने वाले अधिकारी आरोपी का पता लगाने के लिए फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: योगी सरकार के खिलाफ लखनऊ में सपा छात्र सभा का प्रदर्शन आज, लखनऊ यूनिवर्सिटी गेट नंबर-1 पर जुटेंगे छात्र

पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ़ कार्रवाई की मांग की

इस कथित हत्या से इलाके में चिंता फैल गई है, वहीं राजनीतिक नेताओं और पीड़ित के परिवार ने दोषियों के खिलाफ़ जल्द कार्रवाई की मांग की है। AAP नेताओं और सफाई कर्मचारियों ने भी मृतक कर्मचारी के परिवार के लिए मुआवज़े की मांग की है।

Written By: Geeta Sharma