लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राज्यों के नए प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति कर दी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नई जिम्मेदारियों का ऐलान किया है। सबसे अहम बदलाव उत्तर प्रदेश में हुआ है, जहां बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री रहे विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है।
विनोद तावड़े के साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यूपी में यह नियुक्ति बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यूपी की कमान विनोद तावड़े को
विनोद तावड़े इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से अहम राज्य का प्रभारी बनाया गया है।
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को जमीन पर लागू कराने में तावड़े की भूमिका अहम होगी। उनकी नियुक्ति के जरिए बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक समीकरणों को साधने का संकेत दिया है।
पंजाब और गुजरात में भी बदले प्रभारी
बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब और गुजरात में भी नए प्रभारियों की नियुक्ति की है।
पंजाब: सतीश पूनिया- प्रभारी
गुजरात: तरुण चुघ- प्रभारी
पार्टी की ओर से जारी नई सूची में इन नियुक्तियों की घोषणा की गई है।
2027 चुनाव से पहले अहम फैसला
उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी के तौर पर विनोद तावड़े की नियुक्ति को पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। बीजेपी संगठन अब बूथ स्तर तक अपनी तैयारियों को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर जोर दे सकती है। तावड़े के सामने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों के हिसाब से पार्टी की रणनीति को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी। नई नियुक्तियों के साथ बीजेपी ने 2027 से 2029 तक के चुनावी रोडमैप के लिए अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव का संकेत दिया है।
और पढ़ें: किरेन रिजिजू का अभिजीत दीपके पर हमला, बोले- छात्र नहीं AAP कार्यकर्ता हैं CJP संस्थापक
Written by Shailesh Yadav