प्रधानमंत्री आवास के बाहर छात्रों से जुड़े मुद्दों पर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया। इसी दौरान छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में राहुल गांधी सीढ़ियों पर बैठे दिखाई देते हैं। उनके एक पैर में जूता है, जबकि दूसरा पैर बिना जूते के नजर आता है। वीडियो में वह शिक्षा व्यवस्था, छात्रों की समस्याओं और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर अपनी बात रखते दिखाई देते हैं।

डिटेंशन सेंटर से क्या बोले राहुल गांधी?

वीडियो में राहुल गांधी का कहना है कि संसद में छात्रों की समस्याओं और देश की शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की मांग की गई थी, लेकिन सरकार ने इस विषय पर बहस की अनुमति नहीं दी। उनके अनुसार, इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर संसद में चर्चा से बचना छात्रों के हितों की अनदेखी है, उन्होंने छात्रों के समर्थन में तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। पहली, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें। दूसरी, छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो। तीसरी, आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं। इसके अलावा राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से युवाओं से माफी मांगने और शिक्षा व परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया।

प्रदर्शन के बाद पुलिस ने लिया हिरासत में

मंगलवार को राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

नेताओं को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया

हिरासत के बाद कुछ नेताओं को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया, जबकि राहुल गांधी सहित कुछ अन्य नेताओं को छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया। इसी स्थान से उनका वीडियो सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा बटोरी।

कुछ घंटों बाद मिली रिहाई

हिरासत में रखने के कुछ घंटे बाद राहुल गांधी और अन्य नेताओं को रिहा कर दिया गया। इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी भी मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं और हिरासत में लिए गए नेताओं से मुलाकात की।

 

 

Written By Toshi Shah