भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गए हैं। भारतीय टीम जब दूसरे टी20 मुकाबले के लिए मैनचेस्टर पहुंची तो खिलाड़ियों के बस से उतरने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस दौरान जैसे ही वैभव सूर्यवंशी बस से नीचे उतरे, कैमरे की नजर सीधे उन पर जा टिकी।

कैमरा सामने देखकर वैभव के चेहरे पर दिखी मुस्कान 

कैमरा सामने देखकर वैभव के चेहरे पर हल्की और मासूम मुस्कान दिखाई दी। वह थोड़ा संकोच करते नजर आए और अपना सामान लेकर चुपचाप टीम के साथ आगे बढ़ गए। उनके इस सहज अंदाज को सोशल मीडिया पर फैंस ने काफी पसंद किया और कई लोगों ने उनकी सादगी की तारीफ की।

अभिषेक शर्मा के साथ सेल्फी भी हुई वायरल

मैनचेस्टर पहुंचने के बाद वैभव सूर्यवंशी की भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के साथ एक सेल्फी भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में दोनों खिलाड़ी काफी सहज और खुश नजर आ रहे हैं। फैंस इस तस्वीर को खूब शेयर कर रहे हैं और युवा खिलाड़ी के जल्द डेब्यू की उम्मीद जता रहे हैं।

डेब्यू को लेकर लगातार उठ रहे हैं सवाल

वैभव सूर्यवंशी के टीम इंडिया में चयन के बाद से ही क्रिकेट जगत में उनके डेब्यू को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। अब तक उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है, जिससे फैंस के साथ-साथ कई पूर्व क्रिकेटर और क्रिकेट विशेषज्ञ भी सवाल उठा रहे हैं।

कई क्रिकेट एक्सपर्ट का मानना है कि जिस खिलाड़ी ने आईपीए 

2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए हों और दुनिया के कई दिग्गज तेज गेंदबाजों के खिलाफ पहली ही गेंद पर छक्के लगाने का साहस दिखाया हो, उसे लगातार बाहर बैठाना समझ से परे है। उनका मानना है कि टीम प्रबंधन को इस युवा प्रतिभा को जल्द अवसर देना चाहिए।

आईपीएल में किया था शानदार प्रदर्शन

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने बेखौफ बल्लेबाजी अंदाज से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 776 रन बनाए और कई मैच जिताऊ पारियां खेलीं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और बड़े शॉट लगाने की क्षमता ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा बना दिया है। यही कारण है कि टीम इंडिया में चयन के बाद भी उनके डेब्यू का इंतजार लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।

पहला टी20 बारिश की भेंट चढ़ा

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाए थे। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने शानदार 59 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 68 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि, लगातार बारिश के चलते इंग्लैंड की पारी शुरू ही नहीं हो सकी और अंपायरों को मुकाबला रद्द घोषित करना पड़ा। इस कारण दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।

दूसरे मुकाबले पर रहेंगी सभी की नजरें

अब सभी की निगाहें दूसरे टी20 मुकाबले पर टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम प्रबंधन इस बार वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका देगा या फिर उन्हें एक बार फिर इंतजार करना पड़ेगा। फैंस सोशल मीडिया पर लगातार युवा बल्लेबाज को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। यदि उन्हें मौका मिलता है तो यह न केवल उनके करियर का यादगार पल होगा, बल्कि भारतीय क्रिकेट को एक और प्रतिभाशाली बल्लेबाज मिल सकता है।

Written By: Geeta Sharma