नई दिल्ली। अमेरिकी नौसेना का एयरक्राफ्ट कैरियर USS Abraham Lincoln 250 दिनों से ज्यादा लंबे मिशन के बाद जल्द ही अमेरिका वापस लौटने वाला है। अमेरिकी नौसेना के कार्यवाहक सचिव हंग काओ (Hung Cao) ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
नौसैनिकों और मरीन सैनिकों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता
काओ ने कहा कि USS Abraham Lincoln ने अपनी तैनाती सफलतापूर्वक पूरी की है और अब यह तय योजना के तहत वापस लौटेगा। उन्होंने कहा कि नौसैनिकों और मरीन सैनिकों की सुरक्षा और कल्याण नौसेना की पहली प्राथमिकता है।
हालांकि, इस लंबे मिशन के दौरान जहाज पर तैनात सैनिकों की स्थिति को लेकर सवाल उठे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ सैनिकों में कम मनोबल और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चिंताएं सामने आईं, जिसके बाद अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों और सैनिकों के परिवारों ने भी चिंता जताई।
जहाज ने 200 से ज्यादा दिन बिना किसी पोर्ट कॉल के बिताए
USS Abraham Lincoln को पिछले साल नवंबर में सैन डिएगो स्थित अपने बेस से रवाना किया गया था। बाद में इसे पश्चिम एशिया भेज दिया गया, जहां यह ईरान के साथ चल रहे संघर्ष में अमेरिकी अभियानों को समर्थन दे रहा था। इस दौरान जहाज ने 200 से ज्यादा दिन बिना किसी पोर्ट कॉल के बिताए।
काओ ने बताया कि जहाज की तैनाती 266 दिनों तक चली, जिसमें करीब 200 दिन युद्ध क्षेत्र में गुजरे। इस दौरान कैरियर से 10,000 से ज्यादा उड़ान अभियान (sorties) चलाए गए और करीब 15 लाख पाउंड हथियार गिराए गए।
लंबे युद्ध मिशन बेहद कठिन होते हैं
उन्होंने कहा कि लंबे युद्ध मिशन बेहद कठिन होते हैं और परिस्थितियों के अनुसार बदलाव जरूरी होता है। काओ ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ सैनिकों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मदद दी गई, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि ताजा भोजन की सप्लाई न मिलने पर खाने की व्यवस्था में बदलाव किए गए और सुरक्षा कारणों से कई बार घर फोन करने की सुविधा भी सीमित करनी पड़ी।
अमेरिकी नौसेना अधिकारी ने कहा कि सैनिकों पर काफी दबाव रहा, लेकिन उन्होंने अपना मिशन पूरा किया। उन्होंने मीडिया की उन रिपोर्ट्स पर भी आपत्ति जताई, जिनमें सैनिकों को पीड़ित के रूप में दिखाया गया।
अमेरिकी जनता को अपने सैनिकों का सम्मान करना चाहिए
काओ ने कहा कि USS Abraham Lincoln के लौटने पर अमेरिकी जनता को अपने सैनिकों का सम्मान करना चाहिए और उनका स्वागत करना चाहिए।
इससे पहले रिपोर्ट्स में सामने आया था कि पिछले महीने जहाज से एक नौसैनिक समुद्र में गिर गया था, लेकिन उसे तुरंत बचा लिया गया और मेडिकल जांच की गई। घटना के पूरे कारणों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई।
यह भी पढ़ें: इंडोनेशिया में भूकंप के बाद समुद्र में हलचल, 3 मीटर तक सुनामी का अलर्ट
USS Abraham Lincoln की वापसी ऐसे समय हो रही है जब लंबे सैन्य अभियानों के दौरान सैनिकों की मानसिक सेहत और सुविधाओं को लेकर अमेरिका में बहस तेज हो गई है।
Written By: Pradeep Singh