मार्को रुबियो ने सोमवार को ताज महल का दौरा किया। उनके आगरा आगमन को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। हालांकि, इस VIP दौरे का असर आम पर्यटकों और स्थानीय लोगों पर भी साफ दिखाई दिया। भीषण गर्मी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कई पर्यटकों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।
4 घंटे तक आगरा में रहे अमेरिकी विदेश मंत्री
अमेरिकी विदेश मंत्री करीब 4 घंटे तक आगरा में रहे। इस दौरान उन्होंने ताजमहल का भ्रमण किया और इसकी ऐतिहासिक एवं स्थापत्य कला की जमकर सराहना की। जानकारी के अनुसार, उन्होंने विजिटर बुक में ताजमहल को अद्भुत धरोहर बताते हुए इसकी सुंदरता और विश्व धरोहर के रूप में महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ताजमहल भारतीय संस्कृति और इतिहास की महान पहचान है।
अमेरिकी विदेश मंत्री के दौरे से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
रूबियो के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट रहीं। खेरिया हवाई अड्डा से लेकर ताजमहल तक का पूरा मार्ग सुरक्षा घेरे में रहा। जगह-जगह पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी। VIP मूवमेंट के दौरान कई रास्तों पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जिससे शहर में जाम जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों और यात्रियों को काफी देर तक रुकावटों का सामना करना पड़ा।
विदेशी पर्यटकों को हुई परेशानी
सबसे अधिक परेशानी ताजमहल देखने आए देशी और विदेशी पर्यटकों को हुई। सोमवार को आगरा में तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच पर्यटकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। सुरक्षा कारणों से कई पर्यटकों को ताजमहल परिसर में प्रवेश तो दिया गया, लेकिन उन्हें मुख्य मकबरे तक जाने से रोक दिया गया। दिलचस्प बात यह रही कि प्रशासनिक रिकॉर्ड में स्मारक को बंद नहीं दिखाया गया था, जिसके कारण पर्यटकों में भ्रम और नाराजगी दोनों देखने को मिले।
सैलानियों ने क्यों कि शिकायत
कई सैलानियों ने शिकायत की कि उन्हें पहले से किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई थी। दूर-दराज से आए लोगों ने कहा कि उन्होंने ताजमहल देखने की योजना बनाई थी, लेकिन VIP दौरे के चलते उनका अनुभव प्रभावित हुआ। कुछ विदेशी पर्यटक भी गर्मी और इंतजार से परेशान नजर आए। हालांकि प्रशासन का कहना है कि विदेशी अतिथि की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता थी और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत की गईं। इसके बावजूद आम लोगों और पर्यटकों को हुई असुविधा पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।
Written By: Geeta Sharma