उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने पशुपालन विभाग में पशुधन प्रसार अधिकारी के 1251 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 29 सितंबर 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को 6 अक्टूबर 2026 तक फीस जमा करने और आवेदन फॉर्म में जरूरी सुधार करने का अवसर मिलेगा। यह भर्ती विज्ञापन संख्या 17-परीक्षा/2026 के तहत पशुधन प्रसार अधिकारी मुख्य परीक्षा के लिए आयोजित की जा रही है।
9 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
UPSSSC की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक भर्ती का विज्ञापन 10 अगस्त 2026 को जारी किया गया था। उम्मीदवार 9 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 29 सितंबर 2026 होगी, जबकि फॉर्म में संशोधन की सुविधा 6 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगी।
1251 पदों पर होगी नियुक्ति
इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 1251 पदों को भरा जाएगा। इनमें 1248 पद सामान्य भर्ती के तहत और 3 पद विशेष चयन के लिए निर्धारित हैं। सामान्य भर्ती के पदों में 500 पद सामान्य वर्ग, 254 पद एससी, 25 पद एसटी, 345 पद ओबीसी और 144 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। चयनित उम्मीदवारों को वेतनमान लेवल-5 के अनुसार सैलरी मिलेगी। इसमें शुरुआती वेतन 29,200 रुपये और अधिकतम वेतन 92,300 रुपये तक हो सकता है।
यह भी पढ़ें : UPPSC Assistant Professor Result 2026: राजकीय महाविद्यालय सहायक आचार्य प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी, ऐसे करें चेक
PET 2025 स्कोर जरूरी
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों का UPSSSC प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 में शामिल होना अनिवार्य है। उम्मीदवारों के पास वैध PET स्कोरकार्ड होना चाहिए। PET स्कोर के आधार पर ही अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता और उम्र सीमा
पशुधन प्रसार अधिकारी पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं कक्षा बायोलॉजी विषय के साथ पास होना जरूरी है। इसके अलावा मान्यता प्राप्त पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय या कॉलेज से दो वर्षीय पशुधन प्रसार डिप्लोमा होना चाहिए। उम्मीदवारों को देवनागरी लिपि में हिंदी भाषा का ज्ञान भी होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो 1 जुलाई 2026 को उम्मीदवार की उम्र न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क और परीक्षा पैटर्न
इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए 25 रुपये रखा गया है। मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों से अलग से परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। मुख्य परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी और प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा। गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी की जाएगी।
Written by Rozi Sinha