उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने राजकीय महाविद्यालयों में सहायक आचार्य पदों पर भर्ती के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने फिलहाल सात विषयों के नतीजे घोषित किए हैं। जिन विषयों के परिणाम जारी किए गए हैं, उनमें शिक्षाशास्त्र, अंग्रेजी, गृह विज्ञान, भौतिक विज्ञान, संगीत वादन (सितार), उर्दू और फारसी (पर्सियन) शामिल हैं।

आयोग की ओर से जारी किए गए परिणाम पीडीएफ फॉर्मेट में उपलब्ध कराए गए हैं। अभ्यर्थी UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट से मेरिट लिस्ट डाउनलोड कर अपने रोल नंबर के माध्यम से परिणाम देख सकते हैं। मेरिट लिस्ट में उन उम्मीदवारों के रोल नंबर दर्ज किए गए हैं, जिन्होंने प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल कर मुख्य परीक्षा के लिए जगह बनाई है।

बता दें कि UPPSC ने राजकीय महाविद्यालय सहायक आचार्य भर्ती के लिए कुल 28 विषयों में प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 28 मई 2026 को किया था। आयोग ने चरणबद्ध तरीके से परिणाम जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन विषयों के रिजल्ट अभी जारी नहीं हुए हैं, उनके नतीजे भी जल्द घोषित किए जाने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : SBI Clerk Vacancy 2026: SBI ने निकाली 9,124 क्लर्क पदों पर बंपर भर्ती, ऐसे करें आवेदन

मुख्य परीक्षा के लिए विषयवार सफल अभ्यर्थियों की संख्या
UPPSC द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों की संख्या विषय और रिक्तियों के आधार पर तय की गई है। शिक्षाशास्त्र विषय में 14 पदों के लिए कुल 323 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। वहीं अंग्रेजी विषय में 92 रिक्तियों के मुकाबले 1173 उम्मीदवारों ने प्रारंभिक परीक्षा पास की है। गृह विज्ञान विषय में 28 पदों के लिए 640 अभ्यर्थी, जबकि भौतिक विज्ञान विषय में 60 पदों के लिए 580 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए योग्य पाया गया है।

इसके अलावा संगीत वादन (सितार) विषय में 4 रिक्तियों के सापेक्ष 23 उम्मीदवार, उर्दू विषय में 3 पदों के लिए 32 उम्मीदवार और फारसी (पर्सियन) विषय में 1 पद के लिए 15 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है।

ऐसे डाउनलोड करें UPPSC Assistant Professor Result PDF
1. सबसे पहले UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
2. होम पेज पर रिजल्ट सेक्शन में क्लिक करें।
3. राजकीय महाविद्यालय सहायक आचार्य प्रारंभिक परीक्षा परिणाम लिंक को खोलें।
4. संबंधित विषय की मेरिट लिस्ट PDF डाउनलोड करें।
5. PDF में अपना रोल नंबर सर्च कर परिणाम चेक करें।

मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब आयोग की ओर से जारी किए जाने वाले अगले चरण के शेड्यूल का इंतजार रहेगा।

Written by Rozi sinha