Up Police Medal List Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गर्व का एक और पल सामने आया है। राज्य के कई जांबाज पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान सूची में यूपी पुलिस के 12 अधिकारी और 81 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
इसके अलावा फायर सर्विसेज के 16 कर्मियों को भी उनके साहसिक कार्यों और बेहतरीन सेवाओं के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक दिया जाएगा। इन सम्मानों के जरिए उन जवानों के योगदान को सलाम किया जाएगा, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाया।
शहीद एसटीएफ इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मिलेगा मरणोपरांत वीरता पदक
सम्मान पाने वालों की सूची में एसटीएफ के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार का नाम सबसे खास है। शामली जिले में अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान उन्होंने अदम्य साहस दिखाया था। इस ऑपरेशन में वह गंभीर रूप से घायल हुए और देश सेवा करते हुए शहीद हो गए।उनके बलिदान को याद करते हुए उन्हें मरणोपरांत राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनके साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण को श्रद्धांजलि है।
कई वरिष्ठ अधिकारी भी होंगे सम्मानित
इस बार सम्मान पाने वाले वरिष्ठ अधिकारियों में यूपी के कई बड़े नाम शामिल हैं।
इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं-
- ध्रुव कांत ठाकुर, पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश
- पद्मजा चौहान, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक
- प्रशांत कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक
- देव नारायण यादव, सहायक कमांडेंट
- अजय कुमार त्रिपाठी, सहायक कमांडेंट
- विकास श्रीवास्तव, उप पुलिस अधीक्षक
पुलिस जवानों के हौसले को मिलेगा सम्मान
राष्ट्रपति पदक केवल एक सम्मान नहीं बल्कि उन पुलिसकर्मियों की मेहनत और संघर्ष की पहचान है, जो दिन-रात जनता की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। अपराध नियंत्रण से लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने तक पुलिसकर्मी लगातार चुनौतियों का सामना करते हैं।स्वतंत्रता दिवस पर मिलने वाले ये सम्मान यूपी पुलिस के जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी को भी देश सेवा के लिए प्रेरित करेंगे।
Written By: Shivashakti Narayan SINGH