रक्षाबंधन के त्योहार पर महिलाओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। यूपी परिवहन निगम ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार 26 अगस्त से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो।
परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि निगम की सभी बसों को ऑन रोड किया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। यात्रियों की सुविधा के लिए बस अड्डों पर अतिरिक्त बसें भी रिजर्व रखी जाएंगी, जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
यह भी पढ़ें : 15 से 28 अगस्त तक अयोध्या में झूलोत्सव की धूम, 11 झांकियां पहुंचेंगी मणिपर्वत
रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी सरकार की ओर से महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। खास बात यह है कि इस बार त्योहार से पहले ही बसों की अतिरिक्त व्यवस्था शुरू कर दी गई है, जिससे महिलाओं को अपने मायके जाने में आसानी होगी।
परिवहन निगम ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी हैं। चालक और परिचालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें सुरक्षित गति से वाहन चलाने, बसों में अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार के इस फैसले से महिलाओं और यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। त्योहार के मौके पर बेहतर परिवहन व्यवस्था से लोग बिना परेशानी अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन का पर्व मना सकेंगे।
Written by Rozi Sinha