Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश आतंकवाद विरोधी दस्ते (UP ATS) को देश की सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। एटीएस ने सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसियों से मिले गुप्त इनपुट्स के आधार पर कर्नाटक पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दो संदिग्धों को कलबुर्गी जिले से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों संदिग्ध मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और उनके संबंध सीमा पार पाकिस्तान तथा आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) से होने का गंभीर आरोप है।
बीफ फैक्ट्री की आड़ में कर रहे थे काम
एटीएस और कलबुर्गी पुलिस ने कलबुर्गी तालुक के उपलम गांव के बाहरी इलाके में स्थित 'फेयर एक्सपोर्ट्स' नामक बीफ फैक्ट्री में छापेमारी कर यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद समीर और सलमान के रूप में हुई है। ये दोनों लंबे समय से इस फैक्ट्री में कर्मचारी के रूप में काम कर रहे थे और यहीं छिपे हुए थे।
कमरे से मिले संवेदनशील स्थानों के नक्शे
छापेमारी के दौरान जब पुलिस और एटीएस की टीम ने आरोपी मोहम्मद समीर के किराए के कमरे की तलाशी ली, तो वहां से कई संवेदनशील स्थानों के नक्शे (Maps) बरामद हुए। इन नक्शों के मिलने से सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं और किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है।
डिजिटल माध्यमों से पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे आरोपी
एटीएस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए देश विरोधी गतिविधियों में शामिल थे, व्हाट्सएप कॉल (WhatsApp Calls) से संदिग्ध लगातार पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ संपर्क में थे। फेसबुक और अन्य माध्यमों के जरिए ISIS के स्लीपर सेल्स से जुड़े होने की बात सामने आई है।
आगे की कार्रवाई और जांच
इस मामले में कलबुर्गी के यूनिवर्सिटी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, यूपी एटीएस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां दोनों संदिग्धों को अज्ञात स्थान पर रखकर गहन पूछताछ कर रही हैं, ताकि इनके नेटवर्क, भविष्य के मंसूबों और देश में छिपे अन्य सहयोगियों का पता लगाया जा सके।
और पढ़ें:
चीन को अमेरिकी टैरिफ से बचाने का भारत पर आरोप, 40 देशों का ‘शैडो नेटवर्क’! AI से होगी निगरानी
PoK-बलूचिस्तान संकट पर मौन, भारत के खिलाफ शहबाज का आक्रामक बयान
Shailesh Yadav