UP IPS Transfer List: उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में गुरुवार रात बड़ा फेरबदल देखने को मिला। शासन ने 9 IPS अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस सूची में मेरठ, झांसी, गोंडा, सुल्तानपुर, बिजनौर, संभल और बलरामपुर जैसे जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा मेरठ के SSP अविनाश पांडेय और संभल के SP कृष्ण कुमार बिश्नोई के तबादले को लेकर है।
अविनाश पांडेय को मेरठ SSP की जिम्मेदारी से हटाकर DGP मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। उनकी जगह झांसी के SSP बीडीजीटीएस मूर्ति को मेरठ की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस के आधिकारिक रिकॉर्ड में भी अविनाश पांडेय की 2015 बैच के IPS अधिकारी के तौर पर पुष्टि होती है।
संभल के SP केके बिश्नोई अब संभालेंगे बिजनौर
संभल के SP कृष्ण कुमार बिश्नोई का भी तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब बिजनौर का नया SP बनाया गया है। संभल में उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामलों को लेकर वह चर्चा में रहे थे। अब उनके सामने बिजनौर की पुलिस व्यवस्था संभालने की नई जिम्मेदारी होगी।संभल में अब विकास चंद्र त्रिपाठी को SP बनाया गया है। वह इससे पहले बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे।
गोंडा और सुल्तानपुर में भी बदले कप्तान
तबादला सूची में गोंडा और सुल्तानपुर भी शामिल हैं। गोंडा के SP विनीत जायसवाल को अब सुल्तानपुर भेजा गया है। वहीं बिजनौर में SP रहे अभिषेक को गोंडा का नया SP बनाया गया है।सुल्तानपुर की SP रहीं चारू निगम को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें SP यूपी-112, लखनऊ के पद पर भेजा गया है।
झांसी और बलरामपुर में भी नई तैनाती
बलरामपुर के SP विकास कुमार को वहां से हटाकर झांसी का SSP बनाया गया है। झांसी में अब तक SSP की जिम्मेदारी संभाल रहे बीडीजीटीएस मूर्ति को मेरठ भेजा गया है।वहीं हरदोई में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात मार्तंड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का नया SP बनाया गया है।
देखिए किस अधिकारी को कहां भेजा गया
इस फेरबदल के बाद इन जिलों में पुलिस व्यवस्था की कमान नए अधिकारियों के हाथ में होगी। खास तौर पर मेरठ और संभल में हुए बदलाव पर नजर रहेगी, क्योंकि दोनों जिलों में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की भूमिका काफी अहम रहती है।
Written By: Shivashakti Narayan Singh