UGC NET Answer Key 2026: यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 की प्रोविजनल आंसर की को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। NTA के मुताबिक, UGC NET की प्रोविजनल आंसर की इसी सप्ताह आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। आंसर की जारी होने के बाद अभ्यर्थी अपने लॉगिन क्रेडेंशियल के जरिए इसे ऑनलाइन चेक कर सकेंगे। आंसर की में परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों के सही उत्तर दिए जाएंगे, जिससे उम्मीदवार अपने संभावित स्कोर का अनुमान भी लगा सकेंगे।

आंसर की पर आपत्ति दर्ज करने का मौका
NTA की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रोविजनल आंसर की जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को किसी प्रश्न या उसके उत्तर में गलती लगने पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आपत्ति दर्ज करनी होगी। एजेंसी की ओर से आंसर की के साथ ही आपत्ति दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया, प्रति प्रश्न निर्धारित शुल्क और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख से जुड़ी जानकारी भी जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आंसर की और ऑब्जेक्शन से संबंधित अपडेट के लिए NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

यह भी पढ़ें: UGC NET June 2026: आंसर-की और रिजल्ट में देरी, पीएचडी एडमिशन पर बढ़ी टेंशन

UGC NET के साथ अन्य परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को भी राहत
यह अपडेट केवल UGC NET जून 2026 के उम्मीदवारों के लिए ही नहीं, बल्कि CSIR-NET, ICAR AIEEA (PG) और AICE (PhD) 2026 परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इन परीक्षाओं में शामिल लाखों उम्मीदवार लंबे समय से आंसर की का इंतजार कर रहे हैं। प्रोविजनल आंसर की आने के बाद उम्मीदवार अपने उत्तरों का मिलान कर सकेंगे और संभावित परिणाम का अंदाजा लगा सकेंगे।

आपत्तियों की समीक्षा के बाद NTA द्वारा अंतिम आंसर की जारी की जा सकती है। NTA ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत वेबसाइट या सोशल मीडिया पर वायरल हो रही जानकारी पर भरोसा न करें। आंसर की, ऑब्जेक्शन प्रक्रिया और परीक्षा परिणाम से जुड़ी जानकारी के लिए केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक नोटिस को ही मान्य माना जाए।

Written by Rozi Sinha