Kanpur News: कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के ड्योढ़ी गंगा घाट पर सोमवार शाम गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दोस्तों के साथ स्नान करने पहुंचे दो किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और दोनों की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

लापता किशोरों की पहचान 16 वर्षीय कृष्णा, निवासी राजा मार्केट अहिरवां और 17 वर्षीय शिवा शुक्ला, निवासी पटेल नगर के रूप में हुई है।

छह दोस्त पहुंचे थे गंगा स्नान करने
परिजनों के मुताबिक, कृष्णा और शिवा सोमवार शाम करीब 5:30 बजे चार अन्य दोस्तों के साथ ड्योढ़ी गंगा घाट पहुंचे थे। सभी दोस्त गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान कृष्णा और शिवा गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक तेज बहाव में बहने लगे। दोनों को बहता देख उनके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर दोनों की तलाश करने की कोशिश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।

खबर मिलते ही घाट पर पहुंचे परिजन
हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों किशोरों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते हुए ड्योढ़ी घाट पहुंचे और घाट पर बैठकर दोनों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों से घटना की जानकारी ली और राहत-बचाव अभियान की स्थिति का जायजा लिया।

गोताखोरों और NDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा। इसके अलावा पीएसी के गोताखोरों, स्टीमर और NDRF की टीम की मदद से गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तेज बहाव और अंधेरा होने के बावजूद देर शाम तक बचाव दल दोनों किशोरों की तलाश में जुटा रहा। हालांकि, देर रात तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका। फिलहाल पुलिस और बचाव दल गंगा की धारा में दोनों किशोरों की तलाश जारी रखे हुए हैं। वहीं, घाट पर मौजूद परिजन उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। 

और पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: जिन पर सबसे ज्यादा उठे सवाल, SIT की फाइनल रिपोर्ट में उन्हीं के नाम नहीं 

Written by Shailesh Yadav