अमेरिका के दक्षिण कैरोलिना स्थित मशहूर रिसॉर्ट शहर मर्टल बीच में शुक्रवार रात आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अलग अंदाज में नजर आए। कार्यक्रम के दौरान ट्रंप डांस करते दिखे। इस मौके पर व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने कैरोलिन लेविट की जमकर प्रशंसा की, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लेविट अपने बच्चों से ट्रंप से ज्यादा प्यार करती हैं और इसी वजह से वह उनसे नाराज हैं। इसके बाद लेविट मंच पर पहुंचीं और उन्होंने ट्रंप की तारीफों के पुल बांध दिए।

कैरोलिन लेविट ने ट्रंप की जमकर तारीफ की

कैरोलिन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिका के इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक राष्ट्रपतियों में से एक हैं। उन्होंने कहा कि ट्रंप के प्रशासन में व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी के रूप में काम करना उनके लिए बेहद सम्मान की बात है।

डेमोक्रेट्स पर ट्रंप का तीखा हमला

दक्षिण कैरोलिना में 25 अगस्त को होने वाले मतदान को देखते हुए ट्रंप ने अपने संबोधन में डेमोक्रेट्स पर भी निशाना साधा, उन्होंने दावा किया कि अगर कट्टरपंथी वामपंथी सत्ता में लौटे तो देश की सीमाओं पर नियंत्रण कमजोर होगा, टैक्स में राहत खत्म हो सकती है और लोगों पर करों का बोझ बढ़ सकता है। ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि डेमोक्रेट्स के सत्ता में आने से नौकरियों और कारोबार पर नकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि उनके खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।

टैक्स कटौती को लेकर भी साधा निशाना

अपने भाषण में ट्रंप ने डेमोक्रेट्स पर अमेरिका विरोधी होने का आरोप लगाते हुए उन्हें कम्युनिस्ट और कट्टरपंथी वामपंथी बताया, उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट्स खुद को कामकाजी लोगों का समर्थक बताते हैं, लेकिन उनके मुताबिक उनके कदम इससे मेल नहीं खाते। ट्रंप ने दावा किया कि कांग्रेस में डेमोक्रेट्स ने टैक्स कटौती के खिलाफ मतदान किया है।