साउथ सिनेमा के बड़े सितारों में शामिल यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में तैयार हुई इस एक्शन-थ्रिलर का ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। फिल्म अब 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। रिलीज से पहले इसकी स्टारकास्ट को कथित तौर पर मिली फीस की जानकारी भी सामने आई है। आइए जानते हैं किस कलाकार ने इस फिल्म के लिए कितनी रकम चार्ज की है।
यश ने 'टॉक्सिक' के लिए कितने करोड़ लिए?
'टॉक्सिक' में यश कथित तौर पर राया और टिकट नाम के दो किरदार निभाते नजर आएंगे। एक रिपोर्ट के अनुसार, इन भूमिकाओं के लिए यश को करीब 50 करोड़ रुपये फीस के तौर पर मिले हैं। खास बात यह है कि यश केवल अभिनेता के तौर पर ही फिल्म से नहीं जुड़े हैं। वह इस प्रोजेक्ट में को-राइटर और को-प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
कियारा आडवाणी की फीस कितनी है?
फिल्म में कियारा आडवाणी नादिया के किरदार में नजर आएंगी। हॉटरफ्लाई की रिपोर्ट के मुताबिक, इस भूमिका के लिए कियारा को लगभग 15 करोड़ रुपये की फीस दी गई है। फिल्म में यश के साथ उनकी जोड़ी को लेकर भी फैंस काफी उत्साहित हैं।
नयनतारा को मिली इतनी बड़ी रकम
साउथ की मशहूर अभिनेत्री नयनतारा 'टॉक्सिक' में गंगा का किरदार निभा रही हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो नयनतारा ने इस फिल्म के लिए करीब 12 से 18 करोड़ रुपये के बीच फीस ली है।
रुक्मिणी वसंत की फीस
'कांतारा: चैप्टर 1' के बाद रुक्मिणी वसंत की लोकप्रियता में काफी इजाफा हुआ है। 'टॉक्सिक' में वह मेलिसा की भूमिका निभाती दिखाई देंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म के लिए उनकी फीस लगभग 3 से 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया ने कितने पैसे लिए?
फिल्म में हुमा कुरैशी एलिज़ाबेथ के किरदार में नजर आएंगी। बताया जा रहा है कि उन्हें इस भूमिका के लिए करीब 2 से 3 करोड़ रुपये मिले हैं। वहीं तारा सुतारिया फिल्म में रेबेका का रोल निभा रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तारा ने भी अपनी भूमिका के लिए लगभग 2 से 3 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं। हालांकि, यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि कलाकारों की फीस से जुड़े ये आंकड़े मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। फिल्म के मेकर्स या संबंधित कलाकारों की ओर से इन रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्या है 'टॉक्सिक' की कहानी?
'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' को एक अलग तरह की कहानी वाली एक्शन-थ्रिलर के तौर पर पेश किया जा रहा है। फिल्म की कहानी राया नाम के एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी और स्वभाव दोनों ही काफी उथल-पुथल भरे हैं। कहानी में राया के जीवन से जुड़ा एक बड़ा रहस्य उसके बेटे के सामने आता है। बताया गया है कि राया का एक बेटा है और समय बीतने के बाद वह अपने पिता के खिलाफ बदले की भावना के साथ लौटता है। इसके बाद पिता और बेटे के बीच टकराव कहानी का अहम हिस्सा बन जाता है। फिल्म में रिश्तों, अतीत और बदले की इस कहानी की कई परतें धीरे-धीरे सामने आती हैं, जिसकी झलक ट्रेलर में भी देखने को मिली है।
ये भी पढ़ें- बॉलीवुड में सनसनी! 33 साल की एक्ट्रेस के आरोपों से मचा हड़कंप, पुलिस हिरासत में 73 वर्षीय फिल्ममेकर
कई बार बदली 'टॉक्सिक' की रिलीज डेट
'टॉक्सिक' की रिलीज डेट को लेकर भी कई बार बदलाव देखने को मिला। पहले यह फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली थी। इसके बाद इसकी रिलीज को बढ़ाकर 4 जून किया गया। हालांकि, यह तारीख भी फाइनल नहीं रही और फिल्म की रिलीज आगे टाल दी गई। अब मेकर्स ने फिल्म की रिलीज के लिए 26 अगस्त 2026 की तारीख तय की है। ऐसे में यश के फैंस अब इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे हैं।
Written By Toshi Shah