अमेरिका ने चीन से जुड़े कारोबारी समूहों पर दबाव बढ़ाते हुए उन कंपनियों की सूची का विस्तार किया है जिन्हें चीनी सेना से संबद्ध माना जाता है। अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) द्वारा जारी अद्यतन 1260H सूची में कई प्रमुख चीनी कंपनियों को शामिल किया गया है, जिनमें अलीबाबा, बैदू, बीवाईडी, एनआईओ और वूशी ऐपटेक जैसी बड़ी फर्में भी शामिल हैं।

अमेरिकी प्रशासन ने जताई चिंता

इस कदम का उद्देश्य अमेरिकी निवेशकों, व्यवसायों और सरकारी संस्थानों को उन कंपनियों के प्रति सतर्क करना है जिन पर चीन की सैन्य गतिविधियों को अप्रत्यक्ष या प्रत्यक्ष रूप से समर्थन देने का आरोप है। सूची में शामिल कंपनियों के साथ वित्तीय और व्यावसायिक संबंधों को लेकर अमेरिकी प्रशासन ने चिंता जताई है।

अमेरिकी कांग्रेस ने कही ये बात

अमेरिकी कांग्रेस की चीन मामलों से जुड़ी समिति ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह सूची राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण चेतावनी का कार्य करेगी। समिति के अध्यक्ष जॉन मूलनेर के अनुसार, ऐसी कंपनियां अमेरिकी हितों के विपरीत चीन की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने में योगदान दे सकती हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा को जोखिम देने वाले कंपनियों से बचना चाहिए- कांग्रेस

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी शेयर बाजारों में सूचीबद्ध ऐसी कंपनियों को हटाने और उन्हें महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं से बाहर करने पर विचार किया जाना चाहिए। उनके अनुसार, अमेरिकी कंपनियों को राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिम पैदा करने वाली संस्थाओं के साथ कारोबारी संबंधों से बचना चाहिए।

सूची में ये कंपनी भी शामिल

नई सूची में शामिल अन्य कंपनियों में BOE टेक्नोलॉजी, CALB ग्रुप, EVE एनर्जी, यूनिट्री रोबोटिक्स, JA सोलर, नोवोजीन, रोबोसेंस, तियानमा माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स, TP-Link, ट्रिना सोलर और झोंगजी इनोलाइट जैसी कंपनियां भी शामिल हैं।

सांसद ने बायोसिक्योरिटी संबंधी विधायी प्रयासों का किया समर्थन

इसके अलावा, अमेरिकी सांसद ने हाल ही में पारित बायोसिक्योरिटी संबंधी विधायी प्रयासों का समर्थन करते हुए कहा कि इससे अमेरिकी नागरिकों के स्वास्थ्य और जैविक डेटा की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। कुछ चीनी बायोटेक कंपनियों पर संवेदनशील डेटा और अनुसंधान गतिविधियों को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं।

 

 

Written By Toshi Shah