यूएस और ईरान के बीच एक ओर शांति समझौते को लेकर बातचीत चल रही है, वहीं दूसरी तरफ दोनों देशों के बीच तनाव भी बना हुआ है। इसी बीच ईरान ने दावा किया है कि उसकी सेना ने बुशहर शहर के पास एक अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया है। हालांकि अमेरिका ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने किया ईरान को लेकर फैक्ट चेक

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर “फैक्ट चेक” पोस्ट जारी करते हुए कहा कि ईरान के सरकारी मीडिया में किया गया दावा पूरी तरह गलत है। सेंटकॉम के मुताबिक, किसी भी अमेरिकी विमान को नुकसान नहीं पहुंचा है और सभी अमेरिकी हवाई संसाधन पूरी तरह सुरक्षित हैं।

क्या है मामला

ईरान के सरकारी टीवी ने एक स्थानीय अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट किया कि 28 मई (गुरुवार) को दक्षिणी ईरान के बुशहर के पास एयर डिफेंस सिस्टम ने एक “दुश्मन विमान” को निशाना बनाकर गिराया। तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, जाम काउंटी के गवर्नर मसूद तंगस्तानी ने भी दावा किया कि बुशहर क्षेत्र में एक अमेरिकी विमान को नष्ट किया गया है और घटना के बाद हालात सामान्य हैं।

अस्थायी शांति समझौते का मसौदा तैयार

इसी बीच यह भी खबर है कि अमेरिका और ईरान के बीच एक संभावित अस्थायी शांति समझौते का मसौदा तैयार हो चुका है। बताया जा रहा है कि ईरानी वार्ताकारों ने 60 दिनों के सीजफायर विस्तार और परमाणु वार्ता शुरू करने पर सहमति जताई है, हालांकि इस प्रस्ताव पर अंतिम मंजूरी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से आनी बाकी है।

Written By Toshi Shah